'एसी कमरे में बैठकर नहीं समझेंगे हालात', छात्रों की दुर्दशा पर भड़के अमित ठाकरे
पुणे, 20 सितंबर (आईएएनएस)। पुणे के सरकारी पॉलिटेक्निक कॉलेज में छात्रों की स्थिति पर रविवार को महाराष्ट्र नवनिर्माण विद्यार्थी सेना (एमएनवीएस) के अध्यक्ष अमित ठाकरे ने सख्त नाराजगी जताई। दौरे के बाद उन्होंने कॉलेज प्रिंसिपल और पुलिस से तुरंत सुधार की अपील करते हुए चेतावनी दी कि गणेशोत्सव खत्म होते ही वे दोबारा निरीक्षण करने आएंगे। इसी दौरान एमएनवीएस अध्यक्ष ने मराठवाड़ा और विदर्भ में सूखे जैसे हालात पर सरकार को घेरा।
पॉलिटेक्निक कॉलेज के दौरे को लेकर एमएनवीएस के अध्यक्ष अमित ठाकरे ने कहा, "मैं वहां फिर से जाऊंगा। जैसे ही गणेशोत्सव खत्म होगा। मैं यह देखने के लिए सबसे पहले वहां जाऊंगा कि क्या समस्याएं हल हो गई हैं? मैं पुलिस और प्रिंसिपल से भी अपील करता हूं, जैसा कि मैंने पहले कहा है कि वहां की समस्याओं का समाधान किया जाना चाहिए। ये बच्चे कीड़े वाला खाना खा रहे हैं। उनके पीने के पानी में कीड़े हैं। उनके शौचालय की हालत बहुत खराब और गंदी है। उनके हॉस्टल की हालत भी गंदी है। छात्रों को ऐसी हालत में नहीं रहना चाहिए, चाहे वे सरकारी या प्राइवेट संस्थान हों।"
महाराष्ट्र नवनिर्माण विद्यार्थी सेना के अध्यक्ष ने कहा कि एसी कमरे में बैठकर आप जमीनी हालात को नहीं समझ पाएंगे। किसानों से मिलिए। मैंने कई वीडियो देखे हैं, जिसमें किसान मंत्रियों के पास जाकर कहते हैं कि ‘प्लीज हमारे बारे में सोचिए और हमसे मिलने आइए।’ वे रो रहे होते हैं, जबकि मंत्री उनकी बात सुने बिना चले जाते हैं। मुझे लगता है कि आपने भी ये वीडियो देखे होंगे।
उन्होंने कहा कि मेरा मानना है कि सूखे की स्थिति घोषित कर देनी चाहिए और किसानों को जो राहत चाहिए, वह उन्हें दी जानी चाहिए। हो सकता है आपने (सरकार) अभी तक ऐसी घोषणा न की हो, लेकिन कुदरत ने पहले ही सूखे जैसी स्थिति बना दी है।"
अमित ठाकरे ने कहा कि मैं हर साल पुणे आता हूं और गणेशोत्सव का अनुभव करने के लिए यहां आना मुझे बहुत अच्छा लगता है। जिस तरह से लोग गौरी गणपति के बाद या पांचवें दिन गणपति दर्शन के लिए आते हैं, उससे उत्साह का एक बिल्कुल अलग माहौल बन जाता है। शहर में घूमना और पैदल गणपति पंडालों में जाना अपने आप में एक अनुभव है।
मराठवाड़ा और विदर्भ इलाकों में सूखे जैसे हालात को लेकर एमएनवीएस अध्यक्ष ने कहा कि मैं इलाके का दौरा करने जा रहा हूं। जिम्मेदार मंत्रियों को सूखे की स्थिति घोषित करनी चाहिए।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   21 Sept 2026 12:07 AM IST












