एएफसी अंडर-17 क्वालीफायर्स गांगटे की हैट्रिक, राज ने दागे 4 गोल; भारत ने गुआम को 12-0 से रौंदा

कुआलालंपुर, 14 नवंबर (आईएएनएस)। एएफसी अंडर-17 एशियन कप उज्बेकिस्तान 2027 क्वालीफायर्स के 'ग्रुप ई' मुकाबले में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गुआम को 12-0 से करारी शिकस्त दी। यह मुकाबला शनिवार को मलेशिया के कुआलालंपुर फुटबॉल स्टेडियम में खेला गया।
इस मुकाबले में भारतीय कप्तान दलालमुओन गांगटे और राज सिंह वाहेंगबाम ने हैट्रिक लगाईं। राज सिंह ने कुल चार गोल दागे। इससे पहले, सिंगापुर के खिलाफ 4-2 की जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत करने वाले भारत ने इस मैच में भी अपना शानदार फॉर्म जारी रखा।
अंडर-17 स्तर पर एएफसी क्वालीफाइंग मैचों में यह भारत की तीसरी सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले, भारत ने 1984 में मकाऊ के खिलाफ और 2024 में ब्रुनेई दारुस्सलाम के खिलाफ 13-0 से जीत दर्ज की थी।
भारत ने आक्रामक शुरुआत की और पांचवें मिनट में ही लियो थोंगबाम के गोल से बढ़त बना ली, जिन्होंने मालसावमटलुआंगा के बाएं पैर से दिए गए क्रॉस को हेडर के जरिए गोल में बदल दिया। इसके बाद कप्तान गांगटे ने मोर्चा संभाला और पहले हाफ में तीन गोल किए। भारतीय कप्तान ने 13वें, 27वें और 32वें मिनट में गोल दागे। उन्होंने पेनाल्टी एरिया के अंदर मिले मौकों और पास का पूरा फायदा उठाते हुए भारत की बढ़त को और मजबूत किया।
20वें मिनट में ऋषिकेश मानवती ने भी गोल किया। उन्होंने दाईं ओर से करीब से गेंद को नेट में पहुंचाया, जिससे हाफ-टाइम तक भारत ने 5-0 की शानदार बढ़त बना ली।
सिंगापुर के खिलाफ हैट्रिक लगाने वाले गांगटे इस मैच में भी बेहतरीन प्रदर्शन करने के बाद हाफ-टाइम पर सब्स्टिट्यूट कर दिए गए। मैच फिर से शुरू होने के बाद भी भारत ने अपना आक्रामक रुख जारी रखा और सात और गोल दागे, जबकि भारी बारिश के कारण दूसरे हाफ में हालात काफी मुश्किल हो गए थे।
53वें मिनट में डेविड मंगांग इरोम ने एक शानदार गोल करके भारत की बढ़त को और बढ़ाया। इसके दो मिनट बाद राज सिंह वाहेंगबम ने गोल करने का बेहतरीन सिलसिला शुरू किया। इस फॉरवर्ड खिलाड़ी ने 55वें, 73वें, 83वें और 84वें मिनट में गोल करके कुल चार गोल दागे, जिससे भारत के कुल गोलों की संख्या दहाई के आंकड़े तक पहुंच गई।
हाफ-टाइम के बाद मैदान पर उतरे फेलिक्स मेतेई सैकहोम ने भी बाएं फ्लैंक से दौड़ लगाते हुए तुरंत अपना प्रभाव दिखाया। उन्होंने 56वें मिनट में गोल किया, जबकि 87वें मिनट में रिस्तिक माइती ने करीब से गोल करके भारत की 12-0 की जीत सुनिश्चित कर दी।
इस शानदार जीत के बाद, मंगलवार को फिलिस्तीन के खिलाफ एक अहम मुकाबला होगा। फिलहाल दोनों टीमों के 6-6 अंक हैं और ग्रुप में शीर्ष पर मौजूद टीमों के बीच का अंतर केवल गोल डिफरेंस का है। अगले साल होने वाले महाद्वीपीय टूर्नामेंट में अपनी जगह सुनिश्चित करने की संभावनाओं को मजबूत करने के लिए, भारत को एक और दमदार प्रदर्शन करना होगा। सिंगापुर के पास तीन अंक हैं, जबकि मलेशिया और गुआम अभी तक अपना खाता नहीं खोल पाए हैं। ग्रुप में शीर्ष पर रहने वाली टीम ही एएफसी अंडर-17 एशियन कप 2027 के लिए क्वालीफाई करेगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
