अहमदाबाद विमान हादसे में पति को खोने वाली महिला ने बताया, 'अभी तक कोई जानकारी नहीं दी गई'
वडोदरा, 11 जून (आईएएनएस)। गुजरात के अहमदाबाद विमान हादसे में पति को खोने वाली हैतल प्रजापति ने प्रशासन की कार्यशैली पर नाराजगी जाहिर की। साथ ही बताया कि उनके लिए यह पूरा एक साल कैसा रहा?
उन्होंने गुरुवार को आईएएनएस से बातचीत में कहा कि हादसे को एक साल हो चुका है। लेकिन, इस पूरे हादसे की जांच में जिस तरह का रवैया प्रशासनिक अधिकारियों और जांच से संबंधित अधिकारियों का रहा है, वो बहुत ही निराशाजनक रहा। मैं कई बार इस संबंध में संबंधित अधिकारियों से संपर्क साधने की कोशिश कर चुकी हूं। लेकिन, मुझे सिर्फ आश्वासन ही दिया जाता है। आश्वासन के अलावा अभी तक कुछ नहीं मिला है।
उनके मुताबिक, पिछले एक साल मेरे लिए काफी चुनौतीपूर्ण और दर्दनाक रहा। 12 जनवरी को मेरा एक्सीडेंट हो गया था। इस वजह से मेरे बैक में चोट आ गई थी। इस चोट की वजह से मुझे छह महीने तक के लिए बेड रेस्ट में रहना पड़ा। इस दौरान मुझे व्यक्तिगत रूप से काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। मैंने खुद व्यक्तिगत स्तर पर संबंधित अधिकारियों से संपर्क साधने की कोशिश की। लेकिन, मुझे आश्वासन के अलावा कुछ भी नहीं मिला।
हैतल ने हादसे से जुड़ी विधिक पहलुओं पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि मीडिया में एविएशन से जुड़े संबंधित अधिकारी का एक वीडियो सामने आया था, जिसमें कहा गया था कि इस हादसे के संबंध में सभी को जानकारी दी जाएगी। लेकिन, अफसोस की बात है कि इस हादसे को एक साल हो चुका है। लेकिन, अभी तक इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है। हमें यह भी नहीं बताया गया है कि आखिर यह हादसा किस वजह से हुआ था? इसके पीछे क्या कारण थे? बोइंग कंपनी की क्या गलती थी?
पीड़िता के मुताबिक, अब तक हमें 1.25 करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता मिल चुकी है। अब हमारी सरकार से अपेक्षा है कि बोइंग कंपनी की ओर से हादसे के बारे में पूरी जानकारी दी जाए। हमने एआईबी को ईमेल कर दिया है। लेकिन, अभी तक हमें इस बारे में कोई भी जानकारी नहीं दी गई है। हमारे वकील मदद कर रहे हैं। हरसंभव सहायता देने की कोशिश कर रहे हैं। हमें विमान के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। लेकिन, हमारे वकील ने हमें सबकुछ विस्तार से बताया और समझाया कि हम किन चीजों की मांग सरकार से कर सकते हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   11 Jun 2026 9:57 PM IST












