फहीम अब्दुल्ला की आवाज का जादू, करण जौहर बोले- "हर दिल के 'चांद' बन जाएंगे"
मुंबई, 24 अप्रैल (आईएएनएस)। फिल्ममेकर करण जौहर एक बार फिर दर्शकों के लिए प्यार, जुनून और जुदाई की एक अनोखी कहानी 'चांद मेरा दिल' लेकर आ रहे हैं। यह फिल्म एक भावुक प्रेम कहानी है, जिसमें प्यार की गहराइयों और बिछड़ने के दर्द को बखूबी से दिखाया जाएगा।
हाल ही में फिल्म का इमोशनल सॉन्ग 'ऐतबार' रिलीज हुआ था और फैंस के दिलों में बस गया। साथ ही, सोशल मीडिया पर भी काफी पसंद किया जा रहा है। इस गाने को गायक फहीम अब्दुल्ला ने अपनी आवाज से सजाया है। गाने के बोल मशहूर गीतकार अमिताभ भट्टाचार्य ने लिखे हैं, जबकि इसका शानदार संगीत सचिन-जिगर की जोड़ी ने तैयार किया है।
शुक्रवार को करण जौहर ने इंस्टाग्राम के जरिए फहीम की जमकर सराहना की। करण ने फहीम के हुनर की सराहना करते हुए लिखा, "फहीम की आवाज सीधे दिल और रूह को छू लेती है, जब आप उन्हें सुनते हैं, तो एक साथ कई भावनाएं महसूस होती हैं। उन्होंने हमारी फिल्म के लिए अपना सब कुछ झोंक दिया है।"
करण ने आगे बताया कि फहीम के साथ काम करना उनके लिए बेहद खूबसूरत सफर रहा है। उन्होंने लिखा, "फहीम ने अपने अनोखे अंदाज से इस गाने को और भी खास बना दिया है। ‘ऐतबार’ जैसे इमोशनल गाने के लिए फहीम की आवाज से बेहतर और कुछ नहीं हो सकता था।"
करण जौहर ने प्रशंसकों से अपील की है कि वे थोड़ा समय निकालकर इस गाने को जरूर सुनें और उन भावनाओं को महसूस करें जो उन्होंने खुद महसूस की हैं। उन्होंने फहीम को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए लिखा कि अपनी इस बेमिसाल आवाज के दम पर वह जल्द ही हर दिल के 'चांद' बन जाएंगे।
विवेक सोनी द्वारा निर्देशित फिल्म 'चांद मेरा दिल' का निर्माण करण जौहर की धर्मा प्रोडक्शंस के बैनर तले किया गया है। फिल्म में अनन्या पांडे 'चांदनी' और लक्ष्य 'आरव' के रूप में नजर आएंगे। 'चांद मेरा दिल' 22 मई सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   24 April 2026 11:04 PM IST











