अजमेर में 13.06 लाख रुपए के नकली नोट बरामद, वेल्डिंग मिस्त्री निकला मास्टरमाइंड
अजमेर, 12 जुलाई (आईएएनएस)। राजस्थान के अजमेर में गंज थाने की पुलिस ने जाली नोटों के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 13.06 लाख रुपए के नकली नोटों की खेप बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है, जो पेशे से वेल्डिंग मिस्त्री है। आरोपी के कब्जे से नकली नोटों के साथ-साथ उनकी छपाई में इस्तेमाल होने वाली प्रिंटेड शीटें भी बरामद की गई हैं।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रिंस हिल्स कॉलोनी, बड़ी नागफणी (अजमेर) निवासी विक्रम जोन (27) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी नकली नोटों को बाजार में खपाने की तैयारी कर रहा था। पुलिस अब उसके पूरे नेटवर्क और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई महानिरीक्षक पुलिस, अजमेर रेंज राजेंद्र सिंह और जिला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर एवं मुख्यालय) हिमांशु जांगिड़ के सुपरविजन तथा वृत्ताधिकारी (दरगाह) लक्ष्मण राम चौधरी के निर्देशन में गंज थाना प्रभारी महावीर सिंह राठौड़ के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस को शनिवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि विक्रम जोन घी मंडी स्थित एक सरकारी स्कूल के पास आसमानी रंग का बैग लेकर खड़ा है और उसके पास नकली नोट हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के बैग से 500-500 रुपए के नकली नोट और नोटों की छपी हुई प्रिंटेड शीटें बरामद हुईं। बरामद नकली नोटों और शीटों की कुल अंकित कीमत 13 लाख 6 हजार रुपए आंकी गई है। पूछताछ में आरोपी ने भी बरामद नोटों के नकली होने की बात स्वीकार कर ली।
पुलिस ने नकली नोटों और प्रिंटेड शीटों को जब्त कर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 178, 179 और 180 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच दरगाह थाना प्रभारी दिनेश जीवनानी को सौंपी गई है।
पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी नकली नोट कहां से लाता था, उन्हें किसे सप्लाई करने वाला था और कितने समय से इस गतिविधि में शामिल था। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि वह किसी बड़े जाली नोट गिरोह से जुड़ा हुआ है या नहीं।
गंज थाना पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में जाली नोटों के कारोबार पर बड़ी चोट माना जा रहा है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   12 July 2026 11:12 PM IST












