अकाल तख्त से जुड़े मामले पर भाजपा नेताओं ने पंजाब के सीएम को घेरा, कहा-भगवंत मान पाप पर पाप कर रहे
नई दिल्ली, 24 जून (आईएएनएस)। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को लेकर अकाल तख्त से जुड़े मामले और गुरुग्राम में हाल ही में हुई गिरफ्तारियों पर नेताओं की प्रतिक्रिया सामने आई है।
आईएएनएस से बातचीत करते हुए भाजपा नेता तरुण चुघ ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की ओर से लगातार पाप पर पाप किया जा रहा है। उनके वीडियो अभद्रता, अमर्यादा और अनैतिकता से भरे हुए हैं, जिसमें स्पष्ट दिखाई दे रहा है कि कैसे अमर्यादित तरीके से लोगों का अपमान किया जा रहा है और जब अकाल तख्त की ओर से बुलाकर पूछा जाता है तो भगवंत मान उस वीडियो को एआई द्वारा निर्मित और टेंपर्ड बताकर जांच कराने की बात कहते हैं।
तरुण चुघ ने आगे कहा कि अकाल तख्त की ओर से जांच कराकर स्पष्ट किया जाता है कि यह वीडिया असली है। न तो इसको एआई से बनाया गया और न ही इसको टेंपर्ड किया गया है। इसके बाद अकाल तख्त की ओर से भगवंत मान को गुरुओं का अपमान करने के लिए पंथ विरोधी घोषित किया जाता है। भगवंत मान की ओर से माफी मांगने के बजाय अपनी गलती छिपाने का महापाप किया जाता है और एक नकली, झूठी, मनढ़ंत फॉरेंसिक रिपोर्ट बनाकर अकाल तख्त को चैलेंज करते हुए प्रदर्शित करते हैं। भगवंत मान की ओर से ऐसा किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है।
वहीं, भाजपा नेता विजय सांपला ने कहा कि ऐसा लगता है कि यह श्री अकाल तख्त साहिब को बदनाम करने और उनके अधिकार को चुनौती देने की कोशिश है, ताकि यह दिखाया जा सके कि वे सच बोल रहे हैं। जो लोग उनके साथ थे, उन्होंने खुद कहा है कि वीडियो असली है और जिन लोगों ने इसे जारी किया, उन्होंने भी कहा है कि वे उनके साथ मौजूद थे। इसे छिपाने के लिए उन्होंने गुरुग्राम के होटल क्राउन प्लाजा में पुलिस अधिकारियों की कथित मिलीभगत से एक घटना को अंजाम दिया। हरियाणा पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज की है और गिरफ्तारियां भी हुई हैं।
एसजीपीसी सदस्य भाई मंजीत सिंह ने कहा कि जो कुछ भी हुआ है, वह पूरी तरह गलत है। श्री अकाल तख्त साहिब और जहां से भी वेरिफिकेशन का मामला आया है, उसके बारे में जो कुछ भी कहा गया है, वह गलत है। एफआईआर भी दर्ज की गई है। मेरा मानना है कि मुख्यमंत्री भगवंत मान को श्री अकाल तख्त साहिब के सामने आना चाहिए, माफी मांगनी चाहिए और कहना चाहिए कि जो भी गलती हुई है या जो भी गलत बयान दिए गए हैं, उनके लिए उन्हें माफ किया जाए और उचित धार्मिक सजा स्वीकार करनी चाहिए।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   24 Jun 2026 3:24 PM IST












