अखिलेश पर राजभर का तीखा हमला, बोले-अपना इंडी गठबंधन संभालिए, हमारी सीटों की चिंता छोड़िए

अखिलेश पर राजभर का तीखा हमला, बोले-अपना इंडी गठबंधन संभालिए, हमारी सीटों की चिंता छोड़िए
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव को अपने गठबंधन और पार्टी की चिंता करनी चाहिए, न कि भाजपा के सहयोगी दलों को मिलने वाली सीटों की।

लखनऊ, 19 अगस्त (आईएएनएस)। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव को अपने गठबंधन और पार्टी की चिंता करनी चाहिए, न कि भाजपा के सहयोगी दलों को मिलने वाली सीटों की।

ओम प्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा है कि मित्र अखिलेशजी, वैसे तो आप चार्टर प्लेन में चलते हैं लेकिन कभी जहाज़ में चले होंगे तो एयरहोस्टेस अनाउंसमेंट करती हैं कि दूसरों की सुरक्षा से पहले अपनी सुरक्षा खुद करें। ये नियम आप पर राजनीति में भी लागू होता है दोस्त। उन्होंने लिखा कि अपना इंडी अलायन्स तो चल नहीं पा रहा है और दूसरों की सीट बांट रहे हैं। ग़ज़ब मसख़रे हैं महाराज आप। हमें कितनी सीटें मिलेंगी वो हम बीजेपी से बात करके तय कर लेंगे। इसकी चिंता आपको थोड़ी ना करनी है।

राजभर ने लिखा कि मैं बताता हूं कि आपको चिंता किस किस बात की करनी है। ध्यान दीजिएगा - - गठबंधन कैसे बचायें - कांग्रेस को कैसे मनायें - परिवार को कैसे जितायें - चुनाव हार कर पार्टी कैसे बचायें - उद्दंड कार्यकर्ताओं को कैसे बचायें - अपराधियों को कैसे बचायें - चच्चू को कैसे संभालें - बाग़ियों को कैसे रोकें - इमरान मसूद का क्या करें - ओवैसी को कैसे हैंडल करें मंत्री राजभर ने कहा कि यही नहीं है, बहुत कुछ है जो आपको मैनेज करना है। कहां आप हमारी चिंता में लगे हैं।

उन्होंन कहा कि हम लोग एक थे, एक हैं, एक रहेंगे। अगले साल चुनाव है, फिर जीतेंगे, फिर जनता की सेवा करेंगे। उन्होंने कहा कि बाक़ी आपके इस माइंड गेम से हमारा गेम नहीं बिगड़ने वाला। और हां, कांग्रेस को कितनी सीटें देंगे, ज़रा ये तो बता दीजिए। ये भी साफ कर दीजिए कि कांग्रेस आपका छोटा भाई है या बड़ा भाई। जय भारत, जय श्रीराम, जय श्री कृष्ण, जय महाराजा सुहेलदेव।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   19 Aug 2026 12:20 PM IST

Tags

Next Story