अखिलेश यादव बोले- यूपी में सिर्फ एक माफिया, 'फर्जी एनकाउंटर' करने वाले पुलिसकर्मियों को दी चेतावनी

अखिलेश यादव बोले- यूपी में सिर्फ एक माफिया, फर्जी एनकाउंटर करने वाले पुलिसकर्मियों को दी चेतावनी
समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश में अनगिनत फर्जी एनकाउंटर का दावा करते हुए कहा है कि जब वे कहते हैं कि उत्तर प्रदेश में कोई माफिया नहीं है, तो आपको समझ जाना चाहिए कि वहां सिर्फ एक ही माफिया है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को भी चेतावनी दी है।

नई दिल्ली, 27 मार्च (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश में अनगिनत फर्जी एनकाउंटर का दावा करते हुए कहा है कि जब वे कहते हैं कि उत्तर प्रदेश में कोई माफिया नहीं है, तो आपको समझ जाना चाहिए कि वहां सिर्फ एक ही माफिया है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को भी चेतावनी दी है।

उत्तर प्रदेश पुलिस के खिलाफ भाजपा एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह के आरोपों प्रतिक्रिया देते हुए अखिलेश यादव ने आईएएनएस से कहा, "उत्तर प्रदेश में यह (एनकाउंटर) कोई नई बात नहीं है। जब वे कहते हैं कि उत्तर प्रदेश में कोई माफिया नहीं है, तो आपको समझ जाना चाहिए कि वहां सिर्फ एक ही माफिया है। फर्जी एनकाउंटर सिर्फ एक बार नहीं हुए हैं। जब भी कोई निष्पक्ष जांच होगी, तो आपको पता चलेगा कि उत्तर प्रदेश सरकार में अनगिनत फर्जी एनकाउंटर हुए हैं।"

बता दें कि सुल्तानपुर में पुलिस की अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश को एक पत्र लिखा है।

उन्होंने आगे कहा, "बहुत लोगों ने मानवाधिकार आयोग को शिकायतें दी हैं या मानवाधिकार आयोग की तरफ से सरकार को नोटिस भेजे गए हैं। लोग न्याय के लिए कोर्ट भी गए हैं।" उन्होंने चेतावनी दी, "न्याय की जब बात होगी तो बहुत सारे अधिकारी अकेले पड़ जाएंगे। वे जेल चले जाएंगे और उनके परिवार के लोग भी उन्हें नहीं निकाल पाएंगे।"

एलपीजी को लेकर समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, "उत्तर प्रदेश में गैस सिलेंडरों के लिए अनगिनत लाइनें देखने को मिलती हैं और सरकार फिर भी कहती है कि सिलेंडर उपलब्ध हैं। अगर सिलेंडर हैं तो उन्हें 14 किलो की जगह 10 किलो का सिलेंडर क्यों करना पड़ा। पहले खाद की बोरी चोरी की थी और अब सिलेंडर के साथ कर रहे हैं। फिर यह भी कहेंगे कि रोटी छोटी बनाओ। सवाल यह है कि सरकार क्या कर रही है।"

इसी बीच, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की टिप्पणी पर समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, "यह नया जमाना है। 'डिलीवरी बॉय' की बहुत जरूरत है। ये 'डिलीवरी सीएम' बन जाएं, उपमुख्यमंत्री न रहें। 'डिलीवरी सीएम' बनकर जहां जरूरत पड़े, उसको सिलेंडर या अन्य सहायता पहुंचाने का काम करें।"

इससे पहले, केशव प्रसाद मौर्य ने एक बयान में कहा, "अगर अखिलेश यादव के पास सिलेंडर नहीं है तो हमारे यहां सूचना भिजवा दें। हम सिलेंडर भिजवा देंगे।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   27 March 2026 10:53 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story