अखिलेश यादव का तंज, बोले- बेसुध को सब माफ, जनता इन्हें क्षमा करने के मूड में नहीं
लखनऊ, 8 अगस्त (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर बिना नाम लिए निशाना साधा है। लखनऊ अग्निकांड में अपना बच्चा खोने वाली एक मां से कथित दुर्व्यवहार और अभद्र भाषा के इस्तेमाल का जिक्र करते हुए अखिलेश ने कहा, "ऐसे लोगों से सभ्य भाषा और अच्छे व्यवहार की उम्मीद करना ही बेकार है।"
अखिलेश ने कहा कि जनता ऐसे लोगों को माफ करने के मूड में नहीं है और अंत में लिखा- ‘अलविदा!’
अखिलेश यादव ने शनिवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, “बेसुध को सब माफ़!” उन्होंने लिखा, “जो लखनऊ अग्निकांड में उस एक दुखी मां के साथ, जिसने अपना बच्चा खोया हो, कैमरे के सामने सरेआम बदजुबानी और दुर्व्यवहार कर सकते हैं, ऐसे लोगों से सद्-वचन एवं सद्-व्यवहार की अपेक्षा ही निरर्थक है।”
सपा प्रमुख ने आगे कहा, “व्यक्ति को स्वयं का नहीं तो उन पदों का सम्मान करना चाहिए जिस पर वह बैठे हैं या फिर शीघ्र ही वापस जाकर जिस पद पर उन्हें बैठना है। उन्होंने कहा, “वाणी में सरस्वती मां का वास होता है, ये न परलोक की मां का सम्मान करना जानते हैं, न इहलोक की मां का। इनके तो दोनों लोक बिगड़ गए।'
अखिलेश यादव ने लिखा, “हमने इन्हें मन से माफ किया क्योंकि वो किसी और के असर में हैं। जाते हुए लोगों से क्या तो शिकवा, क्या शिकायत।" उन्होंने अपने पोस्ट के अंत में कहा, “जनता इन्हें माफ़ करने के मूड में नहीं है। अलविदा।
--आईएएनएस
विकेटी/एएस
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   8 Aug 2026 1:00 PM IST












