अखिलेश यादव के बयान पर मुख्तार अब्बास नकवी का तंज, बोले- ऐसे भविष्यवक्ताओं से भगवान बचाए

अखिलेश यादव के बयान पर मुख्तार अब्बास नकवी का तंज, बोले- ऐसे भविष्यवक्ताओं से भगवान बचाए
दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव के उस बयान पर प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने पश्चिम बंगाल चुनाव में भाजपा की बुरी तरह हार का दावा किया था।

नई दिल्ली, 31 मार्च (आईएएनएस)। दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव के उस बयान पर प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने पश्चिम बंगाल चुनाव में भाजपा की बुरी तरह हार का दावा किया था।

मुख्तार अब्बास नकवी ने आईएएनएस से कहा कि अखिलेश यादव पहले भी ऐसे ही दावे कर चुके हैं। उन्होंने बिहार चुनाव में भी इसी तरह की जल्दबाजी दिखाई थी और कहा था कि भाजपा का सफाया हो जाएगा और तेजस्वी यादव की पार्टी सरकार बनाएगी, लेकिन नतीजा सबके सामने है। नकवी ने व्यंग्य करते हुए कहा, "ऐसे भविष्यवक्ताओं से तो भगवान ही बचाए।"

इसके साथ ही मुख्तार अब्बास नकवी ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी पहले 'मां, माटी, मानुष' के नारे पर राजनीति करती थीं, लेकिन न तो वह 'मां' की सुरक्षा कर पाईं, न 'मानुष' का सशक्तीकरण कर सकीं और न ही 'माटी' का सम्मान बचा पाईं। नकवी ने कहा कि अब चुनाव नजदीक आने पर वह 'मीट, माछी और मुसलमान' जैसे मुद्दों को उठा रही हैं।

गौरतलब है कि ममता बनर्जी ने हाल ही में पुरुलिया में एक रैली के दौरान भाजपा पर 'भोजन की राजनीति' करने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि अगर भाजपा सत्ता में आती है तो राज्य में लोगों को मछली, मांस और अंडा खाने की आजादी नहीं रहेगी।

नकवी ने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि नक्सलवाद और आतंकवाद के मुद्दे पर पार्टी की नीतियां हमेशा विरोधाभासी, भ्रमित और घुटने टेकने वाली रही हैं। इसी वजह से देश में ये समस्याएं लंबे समय तक बढ़ती रहीं।

उन्होंने कहा कि 2014 के बाद स्थिति में बड़ा बदलाव आया है और अब नक्सलवाद और आतंकवाद को जड़ से खत्म करने की दिशा में काम हो रहा है।

इसके अलावा नकवी ने घुसपैठ के मुद्दे पर भी सरकार का रुख साफ किया। उन्होंने कहा कि कोई भी देश घुसपैठियों को नजरअंदाज नहीं कर सकता और उनकी पहचान करना सरकार की प्राथमिकता रही है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   31 March 2026 3:56 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story