'अखिलेश यादव को इलाज की जरूरत है', सपा प्रमुख पर भड़के ओम प्रकाश राजभर

अखिलेश यादव को इलाज की जरूरत है, सपा प्रमुख पर भड़के ओम प्रकाश राजभर
समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव की ओर से सरकार पर की गई बयानबाजी पर योगी सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने पलटवार किया है। राजभर ने स्वास्थ्य, शिक्षा, एक्सप्रेसवे, महिला आरक्षण और कल्याणकारी योजनाओं को लेकर योगी सरकार के काम का बचाव किया और विपक्ष पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया।

बलिया, 15 अगस्त (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव की ओर से सरकार पर की गई बयानबाजी पर योगी सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने पलटवार किया है। राजभर ने स्वास्थ्य, शिक्षा, एक्सप्रेसवे, महिला आरक्षण और कल्याणकारी योजनाओं को लेकर योगी सरकार के काम का बचाव किया और विपक्ष पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया।

अखिलेश यादव ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा था कि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में स्वास्थ्य विभाग को खुद इलाज की जरूरत है। इस पर राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव को अब इलाज की जरूरत है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश के सभी 75 जिलों में मेडिकल कॉलेज बन चुके हैं। अखिलेश यादव के कार्यकाल का जिक्र करते हुए राजभर ने कहा कि उस समय सरकारी अस्पतालों में कथित तौर पर लूट होती थी, जबकि आज सरकारी अस्पतालों की व्यवस्था में सुधार हुआ है। उन्होंने अखिलेश से सरकारी अस्पतालों का दौरा करने की भी बात कही।

शिक्षा के मुद्दे पर राजभर ने कहा कि भाजपा सरकार में मजदूर और मेहनतकश परिवारों के उन बच्चों के लिए अटल आवासीय विद्यालय खोले गए हैं, जो आर्थिक कारणों से अच्छी शिक्षा नहीं ले पा रहे थे। उन्होंने कहा कि सभी मंडलों में अटल आवासीय विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं और इन्हें हर ब्लॉक तक ले जाने की तैयारी है।

अखिलेश यादव ने कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे के पहली बारिश में क्षतिग्रस्त होने को लेकर सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे। उन्होंने परियोजना की लागत को लेकर भी सवाल उठाया था। इस पर राजभर ने कहा कि जल्दबाजी में किए गए काम में कहीं न कहीं गड़बड़ी हो सकती है। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण में मिट्टी को पर्याप्त समय देने की प्रक्रिया होती है। अगर सड़क टूटी है तो उसकी मरम्मत कराई जाएगी। राजभर ने दावा किया कि पिछली सरकारों में कई परियोजनाएं वर्षों तक पूरी नहीं होती थीं, जबकि मौजूदा सरकार में परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन दोनों हो रहे हैं।

अखिलेश यादव के उस बयान पर कि महिला आरक्षण विधेयक को 2027 में लागू कर दिया जाए और विपक्ष इसके लिए तैयार है, राजभर ने पलटवार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि जब संसद में महिला आरक्षण से संबंधित विधेयक आया था, तब कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, टीएमसी और शिवसेना समेत विपक्षी दलों ने इसका विरोध किया था। राजभर ने आगे कहा कि विपक्ष अब अपनी कमी छिपाने के लिए बयानबाजी कर रहा है और जनता सब जानती है।

अखिलेश यादव के समाजवादी पेंशन योजना के तहत महिलाओं के खातों में 40 हजार रुपए देने के दावे पर भी राजभर ने कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि न तो समाजवादी पार्टी की सरकार बनने वाली है और न ही महिलाओं के खातों में यह पैसा आएगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उस बयान पर कि 1947 में हुए कत्लेआम के लिए कांग्रेस और सपा जिम्मेदार हैं और अगर उस समय नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री होते तो ऐसा नहीं होता, राजभर ने कहा कि यह बात सही है। उन्होंने मोदी सरकार की सैन्य कार्रवाई का जिक्र करते हुए कहा कि पाकिस्तान की ओर से हमले के बाद प्रधानमंत्री ने सेना को कार्रवाई की छूट दी और पाकिस्तान में आतंकियों के ठिकानों को निशाना बनाया गया।

राहुल गांधी को विशेषाधिकार समिति की ओर से नोटिस दिए जाने पर राजभर ने कहा कि यह ठीक किया गया है। उन्होंने राहुल गांधी पर झूठ बोलने और चुनाव आयोग पर सवाल उठाने का आरोप लगाया। राजभर ने कहा कि राहुल गांधी जिस संविधान और चुनाव आयोग की व्यवस्था के जरिए सांसद बने हैं, उसी पर सवाल उठाते हैं। उन्होंने विपक्ष पर देश की संस्थाओं को कटघरे में खड़ा करने का आरोप लगाया।

शिवपाल यादव के उस बयान पर कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर आजम खान को गृहमंत्री बनाया जाएगा, राजभर ने सवाल उठाया कि जब सपा सत्ता में थी, तब आजम खान को गृहमंत्री क्यों नहीं बनाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार के दौरान मुसलमानों को पर्याप्त नौकरियां और पुलिस या पीएसी में प्रतिनिधित्व नहीं दिया गया। राजभर ने शिवपाल यादव को चुनौती देते हुए कहा कि अगर उनमें दम है तो वे घोषणा करें कि अगली बार सरकार बनने पर किसी मुस्लिम को मुख्यमंत्री बनाया जाएगा।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   15 Aug 2026 11:09 PM IST

Tags

Next Story