अखिलेश यादव पर एनडीए नेताओं ने कसा तंज, कहा-'सपा चुनाव से पहले ही मान चुकी है हार'
नई दिल्ली, 19 अगस्त (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने यूपी के विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा की ओर से एनडीए के सहयोगी दलों को दी जाने वाली सीटों का संभावित आंकड़ा पेश किया है। इसे लेकर भारतीय जनता पार्टी और उसके सहयोगी दलों ने अखिलेश यादव की आलोचना की है। एनडीए नेताओं ने कहा कि अखिलेश यादव चुनाव से पहले ही अपनी हार स्वीकार कर चुके हैं, इसीलिए इस तरह का बयान दे रहे हैं।
उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री संजय निषाद ने अखिलेश के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने भगवान राम और निषादराज का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस तरह भगवान राम ने निषादराज को गले लगाया और रावण का विनाश हुआ, उसी तरह प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी ने निषाद समाज को सम्मान दिया है। संजय निषाद ने कहा कि जो लोग उनके साथ थे, अगर वे उन्हें संभाल पाते तो स्थिति अलग होती। अखिलेश के कार्यकाल में किसे कितना मिला, यह सभी जानते हैं और वे भी उस दौर का हिस्सा रहे हैं।
भाजपा सांसद गीता शाक्य ने कहा कि अखिलेश यादव यह भूल गए हैं कि यह भारतीय जनता पार्टी है। उन्होंने कहा कि भाजपा में कई ऐसे नेता हैं जिन्होंने जमीनी स्तर से संघर्ष कर अपनी पहचान बनाई है। एनडीए की सहयोगी पार्टियां और भाजपा का शीर्ष नेतृत्व मिलकर काम करते हैं। गठबंधन में सभी नेताओं का सम्मान होता है, उनकी बात सुनी जाती है और महत्वपूर्ण फैसले सामूहिक चर्चा के बाद लिए जाते हैं।
गीता शाक्य ने सवाल उठाया कि अखिलेश यादव कौन होते हैं यह कहने वाले कि एनडीए के लोग डरे हुए हैं। उन्होंने कहा कि अखिलेश को एनडीए की चिंता करने के बजाय अपनी पार्टी और अपने लोगों पर ध्यान देना चाहिए। एनडीए और भाजपा पूरी तरह सक्षम हैं और गठबंधन मजबूती के साथ विधानसभा चुनाव की तैयारी कर रहा है।
भाजपा नेता राम कदम ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर भी अखिलेश यादव पर हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि अखिलेश यादव ने खुद मान लिया है कि वह इस बार भी चुनाव हारने वाले हैं। कदम ने कहा कि जनता ने दोबारा बीजेपी-एनडीए की सरकार बनाने का मन बना लिया है और इसी कारण अखिलेश यादव के बयानों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश के बयानों से ऐसा लगता है कि उन्होंने चुनाव से पहले ही अपनी हार स्वीकार कर ली है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   19 Aug 2026 2:43 PM IST












