अक्षय ओबेरॉय ने कर्जत में खरीदा फार्महाउस, बोले- 'प्रकृति के बीच घर होना हमेशा से मेरा सपना था'
मुंबई, 2 सितंबर (आईएएनएस)। मायानगरी मुंबई की तेज रफ्तार जिंदगी में सुकून के कुछ पल मिलना आसान नहीं होता। शूटिंग और लगातार काम के बीच कलाकार भी ऐसी जगह तलाशते हैं, जहां कुछ समय के लिए शहर के शोर से दूर होकर परिवार के साथ आराम किया जा सके। अभिनेता अक्षय ओबेरॉय ने भी अपने लिए ऐसी ही एक जगह तैयार कर ली है। 'टॉक्सिक' में नजर आ चुके अक्षय ने कर्जत में एक खूबसूरत फार्महाउस खरीदा है। करीब डेढ़ साल तक निर्माण कार्य चलने के बाद उनका यह फार्महाउस अब तैयार है।
अक्षय ने अपने नए फार्महाउस को लेकर खुशी जाहिर करते हुए कहा, ''यह मेरे लिए सिर्फ एक प्रॉपर्टी नहीं है। यह ऐसी जगह है जहां मैं मुंबई की भागदौड़ से कुछ समय के लिए दूर हो सकता हूं और खुद के साथ-साथ अपने परिवार के साथ भी वक्त बिता सकता हूं। प्रकृति से घिरा हुआ घर होना मेरा काफी पुराना सपना था और अब यह सपना पूरा होने पर मुझे बेहद खुशी हो रही है।''
अक्षय ने कहा, ''मेरा फार्महाउस मेरे लिए एक ऐसे ठिकाने की तरह है, जहां मैं शहर की हलचल से खुद को अलग कर सकता हूं। प्रकृति के बीच रहना मुझे मानसिक रूप से सुकून देता है और व्यस्त जिंदगी के बीच खुद को दोबारा तरोताजा करने का मौका देता है। मैं यहां आकर कुछ समय के लिए काम की चिंताओं को पीछे छोड़ना चाहता हूं।''
अभिनेता ने खास तौर पर अपनी पत्नी और बेटे के साथ यहां समय बिताने को लेकर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा, ''रोजमर्रा की जिंदगी में परिवार के साथ ऐसे पल कम मिलते हैं, इसलिए कर्जत का यह घर मेरे लिए और भी खास हो गया है। मैं इस जगह पर आराम करना, खुद को तरोताजा करना और जिंदगी के छोटे-छोटे पलों का आनंद लेना चाहता हूं।''
उन्होंने कहा, ''मैंने फार्महाउस को अपनी पसंद के अनुसार तैयार करवाया है। घर को तैयार होने में करीब डेढ़ साल का समय लगा। हालांकि, आसपास की हरियाली और सजावट से जुड़ा कुछ काम अभी भी चल रहा है, लेकिन घर अब परिवार के लिए एक खूबसूरत छुट्टी वाला ठिकाना बन चुका है। शहर से दूर शांत माहौल और प्रकृति के करीब होने की वजह से यह जगह मुझे काफी पसंद आ रही है।''
अक्षय ने अपने इस नए फार्महाउस को लेकर खुद के लिए भाग्यशाली बताया। उन्होंने कहा, ''हाल के दिनों में जिन प्रोजेक्ट्स का मैं हिस्सा रहा हूं, उनसे मिली सफलता और काम की वजह से मैं अपना यह सपना पूरा कर पाया हूं। यह फार्महाउस मुझे याद दिलाता है कि मैं जिंदगी में अब तक कितना आगे आ पाया हूं और मेरे पास उन सभी चीजों के लिए आभारी होने की वजह है, जो मुझे मिली हैं।''
अक्षय ओबेरॉय की हालिया फिल्म 'टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स' में कन्नड़ अभिनेता यश लीड रोल में नजर आए थे। उन्होंने दो अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। फिल्म में कियारा आडवाणी, नयनतारा, हुमा कुरैशी, तारा सुतारिया और रुक्मिणी वसंत भी अहम किरदारों में हैं। फिल्म के बजट को लेकर अलग-अलग रिपोर्टों में 500 से 1000 करोड़ रुपए तक का दावा किया गया है, जिसके चलते इसे भारतीय सिनेमा की सबसे बड़े बजट वाली फिल्मों में शामिल बताया गया है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   2 Sept 2026 12:55 PM IST












