लखनऊ अग्निकांड अवैध निर्माण पर चलेगा बुलडोजर, एलडीए ने शुरू की ध्वस्तीकरण की कार्रवाई

लखनऊ अग्निकांड अवैध निर्माण पर चलेगा बुलडोजर, एलडीए ने शुरू की ध्वस्तीकरण की कार्रवाई
उत्तर प्रदेश के लखनऊ के अलीगंज स्थित जिस भवन में हालिया अग्निकांड हुआ था, उस पर अब लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने सख्त रुख अपनाया है। जांच में भवन के मानचित्र के विपरीत निर्माण और आवासीय भवन का व्यावसायिक उपयोग पाए जाने के बाद एलडीए ने ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू कर दी है।

लखनऊ, 23 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के लखनऊ के अलीगंज स्थित जिस भवन में हालिया अग्निकांड हुआ था, उस पर अब लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने सख्त रुख अपनाया है। जांच में भवन के मानचित्र के विपरीत निर्माण और आवासीय भवन का व्यावसायिक उपयोग पाए जाने के बाद एलडीए ने ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू कर दी है।

प्रवर्तन जोन-4 ने अलीगंज सेक्टर-डी स्थित भूखंड संख्या एमएस-102 के स्वामियों वीरेन्द्र शुक्ला, सुरेन्द्र शुक्ला एवं अन्य के खिलाफ नोटिस जारी किया है। नोटिस में कहा गया है कि संबंधित भवन का स्वीकृत मानचित्र आवासीय उपयोग के लिए था, जबकि मौके पर इसका व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा था।

इसके अलावा, निर्माण में स्वीकृत मानचित्र से कई विचलन भी पाए गए हैं। एलडीए ने उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम-1973 की धारा 27(1) के तहत कार्रवाई प्रारंभ करते हुए भवन स्वामियों से 15 दिनों के भीतर सक्षम प्राधिकारी के समक्ष उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने को कहा है।

प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित अवधि में संतोषजनक जवाब और वैध साक्ष्य प्रस्तुत नहीं किए गए तो भवन के अवैध हिस्सों को ध्वस्त करने सहित नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। अग्निकांड के बाद एलडीए की यह कार्रवाई अवैध निर्माण और मानकों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ बड़े अभियान की शुरुआत मानी जा रही है। ज्ञात हो कि अलीगंज अग्निकांड की समग्र जांच तेज गति से जारी है।

मंगलवार को दो सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) घटनास्थल पर पहुंचा। टीम ने इसके बाद केजीएमयू में भर्ती घायलों से भी मुलाकात की और उनसे घटना के संबंध में जानकारी ली।

उत्तर प्रदेश विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम ने भी घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। एसआईटी के सदस्य अपर मुख्य सचिव (पर्यटन एवं संस्कृति विभाग) अमृत अभिजात और एडीजी (लखनऊ जोन) प्रवीण कुमार सुबह घटनास्थल पर पहुंचे। यहां उन्होंने करीब एक घंटे से अधिक समय तक बारीकी से पूरी बिल्डिंग का निरीक्षण किया।

अमृत अभिजात ने कहा कि घटनास्थल की विभिन्न प्रकार से फोटो ली गई हैं। साक्ष्य जुटाकर जांच को तेजी से अंजाम दिया जा रहा है। अग्निकांड से संबंधित व्यक्तियों व विभागों से भी पूछताछ होगी। उसके बाद जांच रिपोर्ट को अंतिम रूप दिया जाएगा।

एडीजी प्रवीण कुमार ने बताया कि हम लोगों ने घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण किया है। साथ में फॉरेंसिक की टीम ने सभी महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं, जिनके आधार पर कुछ लोगों से पूछताछ की जाएगी। घटना से संबंधित हर विभाग के दायित्व को जांच दायरे में शामिल किया गया है। अग्निकांड पीड़ितों से भी जानकारी ली जाएगी। इसके बाद निर्धारित समय सीमा में जांच रिपोर्ट शासन को सौंपी जाएगी। घटनास्थल से निकलने के बाद एसआईटी ने केजीएमयू में भर्ती घायलों से भी मुलाकात की।

गौरतलब है कि हादसे की सूचना मिलते ही सीएम योगी ने अलीगढ़ दौरा बीच में रद्द कर घटनास्थल का मुआयना किया था। उन्होंने केजीएमयू में पीड़ितों से भी मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए एसआईटी गठित करने का निर्देश दिया। एसआईटी को 7 दिन में अपनी जांच रिपोर्ट सौंपनी है। अब तक मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं चार अधिकारियों को निलंबित किया जा चुका है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   23 Jun 2026 11:12 PM IST

Tags

Next Story