ऑल इंडिया पुलिस गेम्स में चंडीगढ़ पुलिस का जलवा, 5 गोल्ड समेत जीते 10 मेडल
नई दिल्ली, 29 जुलाई (आईएएनएस)। ऑल इंडिया पुलिस गेम्स-जूडो क्लस्टर 2026 में चंडीगढ़ पुलिस के जांबाजों का दबदबा देखने को मिला। चंडीगढ़ पुलिस ने टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए 10 मेडल अपने नाम किए, जिसमें पांच गोल्ड मेडल शामिल रहे।
चंडीगढ़ पुलिस की 16 सदस्यीय टीम ने वुशु, ताइक्वांडो और पेंचक सिलाट स्पर्धाओं में हिस्सा लिया था और तीनों ही खेलों में दमदार प्रदर्शन करके दिखाया। वुशु में चंडीगढ़ पुलिस ने एक गोल्ड, एक सिल्वर और दो ब्रॉन्ज मेडल जीते। वुशु में गोल्ड मेडल दिलाने वाले खिलाड़ी कांस्टेबल हरीश रहे, जिन्होंने 85 किलोग्राम में बेहतरीन प्रदर्शन किया। 52 किलोग्राम वर्ग में महिला कांस्टेबल अंजू कुमारी ने सिल्वर मेडल अपने नाम किया, जबकि कांस्टेबल रितू ने 70 किलोग्राम वर्ग और कांस्टेबल शार्घानंद ने 90 किलोग्राम में ब्रॉन्ज मेडल पर कब्जा जमाया।
पेंचक सिलाट में चंडीगढ़ पुलिस को सबसे ज्यादा सफलता हाथ लगी। इस खेल में टीम ने तीन गोल्ड मेडल, एक सिल्वर और एक ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। महिला कांस्टेबल सोनिया ने गोल्ड मेडल को अपने नाम किया, जबकि रितू ने चंडीगढ़ पुलिस को एक और गोल्ड मेडल दिलाया। इस खेल में टीम को तीसरा गोल्ड कांस्टेबल सिमरन ने दिलाया। कांस्टेबल संजीत 75 किलोग्राम वर्ग में सिल्वर मेडल जीतने में सफल रहे।
वहीं, महिला कांस्टेबल चांदनी ने 60 किलोग्राम वर्ग में ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। ताइक्वांडो में देश को एकमात्र मेडल महिला कांस्टेबल सोनम ने गोल्ड मेडल के रूप में दिलाया। चंडीगढ़ पुलिस की टीम ने टीम कोच एचसी संदीप कुमार के मार्गदर्शन में हिस्सा लिया। उनकी समर्पित कोचिंग, बारीकी से की गई प्लानिंग और लगातार प्रोत्साहन ने टीम के शानदार प्रदर्शन में अहम भूमिका निभाई।
चंडीगढ़ पुलिस के ऑल इंडिया पुलिस गेम्स में दमदार प्रदर्शन की महानिदेशक डॉ सागरप्रीत हुड्डा ने सराहना की। उन्होंने मेडल जीतने वाले सभी खिलाड़ियों को बधाई दी। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि यह चंड़ीगढ़ पुलिस परिवार के लिए गर्व का पल है। चंडीगढ़ पुलिस के महानिदेशक ने उम्मीद जताई कि भविष्य में यह खिलाड़ी देश के साथ-साथ इंटरनेशनल प्रतियोगिता में भी देश का नाम रोशन करेंगे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   29 July 2026 2:13 PM IST












