अमेरिका सेना का दावा, अंधाधुंध मिसाइलें दाग रहा ईरान

वाशिंगटन/जिनेवा, 3 मार्च (आईएएनएस)। अमेरिका ने आरोप लगाया है कि ईरान बिना सोचे समझे अंधाधुंध मिसाइलें दाग रहा है। सेना ने मंगलवार को एक वीडियो क्लिप जारी कर अपनी बात सामने रखी है।
अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, ईरान मोबाइल लॉन्चर के जरिए अलग-अलग जगह से मिसाइलें लॉन्च कर बिना सोचे समझे मिडिल-ईस्ट में ज्यादा से ज्यादा नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहा है।
यूएस सेंट्रल कमांड ने ईरान में ईरानी बैलिस्टिक मिसाइल लॉन्चर पर अमेरिकी एयरस्ट्राइक का फुटेज जारी किया है।
अमेरिकी सेना ने कहा है कि वे इन खतरों को ढूंढकर बिना किसी हिचक के खत्म कर रहे हैं। बयान में कहा गया कि जहां भी मोबाइल लॉन्चर से हमले का खतरा मिलता है, वहां तुरंत कार्रवाई की जा रही है।
यूएस-इजरायल के संयुक्त अभियान के जवाब में ईरान ने गल्फ देशों पर हमले शुरू कर दिए। तेहरान ने दावा किया कि यूएस बेस को निशाने पर ले मिसाइलें दागी गईं। खाड़ी देशों के कई हवाईअड्डे भी इसकी जद में आए जिससे हवाई सेवाओं पर भी असर पड़ा। कतर, ओमान, यूएई, जॉर्डन समेत तमाम खाड़ी देशों ने इसका पुरजोर विरोध किया।
इस बीच, संयुक्त राष्ट्र में ईरान के राजदूत अली बहरेनी ने चेतावनी दी कि अगर किसी पड़ोसी देश के सैन्य अड्डे का इस्तेमाल ईरान के खिलाफ हमला करने के लिए किया गया, तो उसे छोड़ा नहीं जाएगा और वो भी निशाने पर रहेगा।
जिनेवा में पत्रकारों से बातचीत में बहरेनी ने कहा कि ईरान अपनी रक्षा तब तक जारी रखेगा, जब तक उसके खिलाफ आक्रामक कार्रवाई बंद नहीं होती।
इस बीच ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने दावा किया है कि उनका देश रुक नहीं गया है, बल्कि सियासी नेताओं और देश भर के गवर्नरों से संपर्क साधे हुए है।
ईरानी राष्ट्रपति ने एक्स पर कहा, “जरूरी अधिकारियों को प्रांत सौंपकर, फैसले तेजी से और स्थानीय हालात के हिसाब से लिए जाते हैं।”
उनका ये बयान ऐसे समय में आया है जब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप दावा कर चुके हैं कि सुप्रीम लीडर अयातुल्ला खामेनेई समेत 48 शीर्ष अधिकारियों को मार गिराया गया है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   3 March 2026 8:26 PM IST












