अमेरिका ने लगातार तीसरी बार अंडर-19 महिला टी20 विश्व कप में जगह पक्की की

अमेरिका ने लगातार तीसरी बार अंडर-19 महिला टी20 विश्व कप में जगह पक्की की
अमेरिका ने केमैन आइलैंड्स में हुए अमेरिका क्वालीफायर 2026 में शानदार जीत हासिल करके आईसीसी अंडर-19 महिला टी20 वर्ल्ड कप में लगातार तीसरी बार अपनी जगह पक्की कर ली है।

केमैन आइलैंड्स, 17 अगस्त (आईएएनएस)। अमेरिका ने केमैन आइलैंड्स में हुए अमेरिका क्वालीफायर 2026 में शानदार जीत हासिल करके आईसीसी अंडर-19 महिला टी20 वर्ल्ड कप में लगातार तीसरी बार अपनी जगह पक्की कर ली है।

सीनियर इंटरनेशनल खिलाड़ी और अंडर-19 टी20 वर्ल्ड कप 2025 टीम की सदस्य चेतना पगिड्याला की कप्तानी में अमेरिका ने अपने सभी छह मैच जीतकर बेहतरीन प्रदर्शन किया अमेरिका की टीम दूसरे स्थान पर रही और उन्होंने कनाडा से छह अंक ज्यादा आर्जित किए। अंडर-19 महिला टी20 विश्व कप 2027 का आयोजन बांग्लादेश और नेपाल की संयुक्त मेजबानी में होना है। भारत इस प्रतियोगिता के दोनों पिछले संस्करण जीतकर डिफेंडिंग चैंपियन के तौर पर इसमें उतरेगा।

अमेरिका ने वेस्ट बे के जिमी पॉवेल ओवल में पहले ही दिन कनाडा पर 8 विकेट से जीत के साथ अपनी स्थिति मजबूत कर ली। अनुशासित गेंदबाजी के दम पर अमेरिका ने कनाडा को सिर्फ 65 रनों के स्कोर पर रोका। टीम की तरफ से महक देसाई और सान्वी इम्मादी ने तीन-तीन विकेट चटकाए। इसके बाद अमेरिका ने 11 ओवर में ही लक्ष्य को हासिल कर लिया।

टीम ने पूरे टूर्नामेंट में अपना दबदबा बनाए रखा। उन्होंने कनाडा के खिलाफ दूसरी जीत के साथ क्लीन स्वीप किया और साथ ही अर्जेंटीना और 'नेक्स्टजेन इलेवन' (एक क्षेत्रीय मिली-जुली टीम) के खिलाफ भी जीत हासिल की। ऑलराउंडर महक देसाई इस प्रतियोगिता की सबसे बेहतरीन खिलाड़ी बनकर उभरीं। उन्होंने सबसे ज्यादा 16 विकेट लिए और 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' का पुरस्कार जीता।

इस क्षेत्रीय जीत के साथ, अमेरिका अब समोआ (ईस्ट एशिया-पैसिफिक) और संयुक्त अरब अमीरात (एशिया) के साथ अंडर-19 महिला टी20 वर्ल्ड कप 2027 के लिए क्षेत्रीय क्वालिफायर के तौर पर शामिल हो गया है। अफ्रीकी और यूरोपीय क्वालिफायर इस साल के आखिर में होने हैं।

चेतना पगिड्याला की कप्तानी में अमेरिका की टीम साल 2025 में किए गए शानदार प्रदर्शन को आगे बढ़ाना चाहेगी। पिछली बार अमेरिका ने सुपर सिक्स चरण तक जगह बनाई थी और मजबूत न्यूजीलैंड टीम को भी कड़ी चुनौती दी थी। हालांकि, न्यूज़ीलैंड को सिर्फ 97 रन पर रोकने के बावजूद अमेरिका को 18 रन से हार का सामना करना पड़ा था।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   17 Aug 2026 1:47 PM IST

Tags

Next Story