'अमृत भारत स्टेशन योजना' के तहत ओडिशा को सात आधुनिक रेलवे स्टेशन का तोहफा, सीएम माझी ने केंद्र का जताया आभार

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत ओडिशा को सात आधुनिक रेलवे स्टेशन का तोहफा, सीएम माझी ने केंद्र का जताया आभार
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने राज्य के रेलवे बुनियादी ढांचे के आधुनिकीकरण को लेकर केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित सात रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण राज्य के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह पहल ओडिशा में बेहतर कनेक्टिविटी, आधुनिक परिवहन व्यवस्था और संतुलित विकास को नई गति देगी।

भुवनेश्वर, 17 जुलाई (आईएएनएस)। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने राज्य के रेलवे बुनियादी ढांचे के आधुनिकीकरण को लेकर केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित सात रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण राज्य के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह पहल ओडिशा में बेहतर कनेक्टिविटी, आधुनिक परिवहन व्यवस्था और संतुलित विकास को नई गति देगी।

मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जारी अपने संदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रेलवे अवसंरचना को आधुनिक बनाने के लिए केंद्र सरकार का दूरदर्शी नेतृत्व और मजबूत प्रतिबद्धता ओडिशा के विकास को नई दिशा दे रही है। ऐसे बड़े निवेश भविष्य की जरूरतों के अनुरूप मजबूत परिवहन नेटवर्क तैयार कर रहे हैं, जो 'समृद्ध ओडिशा', 'विकसित ओडिशा 2036' और 'विकसित भारत 2047' के लक्ष्यों को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पुनर्विकसित रेलवे स्टेशन केवल यात्रियों की सुविधा बढ़ाने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ये आधुनिक सार्वजनिक अवसंरचना का नया उदाहरण भी प्रस्तुत करते हैं। इन स्टेशनों पर यात्रियों के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं, दिव्यांगजन के अनुकूल डिजाइन, बेहतर पहुंच व्यवस्था, स्वच्छ परिसर और विश्वस्तरीय सार्वजनिक स्थान विकसित किए गए हैं। इससे यात्रियों को अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और बेहतर यात्रा अनुभव मिलेगा।

उन्होंने कहा कि आधुनिक रेलवे स्टेशन क्षेत्रीय संपर्क को मजबूत करेंगे और व्यापार, पर्यटन और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देंगे। इसके साथ ही राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में संतुलित एवं समावेशी विकास को गति मिलेगी, जिससे रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने शुक्रवार को 'अमृत भारत स्टेशन योजना' के तहत ओडिशा के सात पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों, तालचेर, बलांगीर, बरपाली, केसिंगा, परलाखेमुंडी, बिमलागढ़ और बारीपदा, को राष्ट्र को समर्पित किया। उन्होंने इसे राज्य के रेलवे इतिहास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर बताते हुए कहा कि इन परियोजनाओं से न केवल यात्री सुविधाओं में व्यापक सुधार होगा, बल्कि राज्य के आर्थिक और सामाजिक विकास को भी नई ऊर्जा मिलेगी।

सीएम माझी ने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से ओडिशा में रेलवे नेटवर्क का विस्तार और आधुनिकीकरण आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि आधुनिक परिवहन व्यवस्था राज्य की प्रगति का मजबूत आधार बनेगी और आने वाले वर्षों में ओडिशा देश के अग्रणी विकसित राज्यों में अपनी पहचान और अधिक मजबूत करेगा।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   17 July 2026 5:58 PM IST

Tags

Next Story