अमृतसर की कथूनंगल पुलिस का एक्शन, अवैध पिस्तौल के साथ एक युवक गिरफ्तार

कथूनंगल (अमृतसर), 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। अमृतसर के सीमावर्ती क्षेत्र में त्योहारों के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करते हुए कथूनंगल पुलिस ने अवैध हथियार के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध पिस्तौल बरामद की है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी से पूछताछ के दौरान हथियारों की अवैध खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य मामलों का खुलासा होने की संभावना है।
जानकारी के अनुसार, आईजी बॉर्डर रेंज अमृतसर गुरप्रीत सिंह भुल्लर (आईपीएस) के दिशा-निर्देशों के तहत बाबा बुड्ढा साहिब जी के मेले और दिवाली के मद्देनजर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए विशेष गश्त और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
इसी अभियान के दौरान कथूनंगल थाने के पुलिस अधिकारी स्वर्ण सिंह और उनकी विशेष टीम को एक मुखबिर से सूचना मिली कि जर्मनजोत सिंह पुत्र हरविंदर सिंह, निवासी निशानका, थाना मत्तेवाल, कथूनंगल स्थित बाबा फिलिंग स्टेशन के पास अवैध हथियार लेकर किसी का इंतजार कर रहा है। सूचना में यह भी बताया गया कि आरोपी कथित तौर पर अवैध हथियारों की बिक्री में संलिप्त है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और जर्मनजोत सिंह को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध पिस्तौल बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ संबंधित कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधिकारी स्वर्ण सिंह ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश किया जा रहा है। अदालत से रिमांड हासिल करने के बाद उससे गहन पूछताछ की जाएगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि बरामद हथियार कहां से लाया गया था और क्या इस मामले में अन्य लोग भी शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि जांच के दौरान यदि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है या कोई और अवैध हथियार बरामद होता है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ भी कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
