आंध्र प्रदेश हाईकोर्ट में 10 जिला जज पदों पर नौकरी का मौका, 15 अक्बटूर तक करें आवेदन

आंध्र प्रदेश हाईकोर्ट में 10 जिला जज पदों पर नौकरी का मौका, 15 अक्बटूर तक करें आवेदन
हाईकोर्ट में नौकरी की इच्छा रखने वालों के लिए यह खास मौका है। आंध्र प्रदेश सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने आंध्र प्रदेश स्टेट ज्यूडिशियल सर्विस में जिला जज (एंट्री लेवल) के 10 पदों पर श्रेणीवार सीधी भर्ती के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी कर आवेदन आमंत्रित किए हैं।

अमरावती, 2 अक्टूबर (आईएएनएस)। हाईकोर्ट में नौकरी की इच्छा रखने वालों के लिए यह खास मौका है। आंध्र प्रदेश सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने आंध्र प्रदेश स्टेट ज्यूडिशियल सर्विस में जिला जज (एंट्री लेवल) के 10 पदों पर श्रेणीवार सीधी भर्ती के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी कर आवेदन आमंत्रित किए हैं।

आंध्र प्रदेश हाईकोर्ट की ओर से जिला जज (एंट्री लेवल) पोस्ट के लिए जारी 10 रिक्तियों में ओपन कैटेगरी/अनारक्षित (ओसी) के 2, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के 2, पिछड़े वर्ग (बीसी)-बी का 1, पिछड़े वर्ग (बीसी)-सी का 1, पिछड़े वर्ग (बीसी)-ई का 1, एससी ग्रुप-III का 1 और एसटी के 2 पद शामिल हैं।

जिला जज (एंट्री लेवल) पदों के लिए ऑफलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 30 सितंबर से जारी है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 15 अक्टूबर तक तय की गई है। ऐसे में जो पात्र और इच्छुक उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, उन्हें तय अंतिम तिथि की शाम 5 बजे तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी करने की सलाह दी जाती है।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से कानून में डिग्री और साथ ही वकील के तौर पर कम से कम 7 वर्ष की प्रैक्टिस या न्यायिक सेवा का अनुभव होना चाहिए।

आवेदकों की न्यूनतम आयु 35 वर्ष और अधिकतम आयु 45 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 1 सितंबर 2026 के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले अभ्यर्थियों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

आवेदन पत्र भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान करना होगा, जो ओसी/बीसी/ईडब्ल्यूएस के लिए 1,500 रुपए और एससी/एसटी/बेंचमार्क दिव्यांगता वाले व्यक्ति के लिए 750 रुपए तय किया गया है।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन कंप्यूटर आधारित स्क्रीनिंग टेस्ट, लिखित परीक्षा और मौखिक परीक्षा के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 1,44,840 से 1,94,660 रुपए के बीच प्रति माह होगी।

आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले आंध्र प्रदेश हाईकोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। वहां संबंधित पोस्ट के लिए दिए गए अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद नोटिफिकेशन में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। संबंधित सभी डॉक्यूमेंट्स को आवेदन के साथ अटैच करें। इसके बाद सभी को एक लिफाफे में डालकर उसे 'रजिस्ट्रार (भर्ती), आंध्र प्रदेश उच्च न्यायालय, अमरावती, नेलापाडु, गुंटूर जिला, पिन कोड - 522 239, आंध्र प्रदेश' पते पर डाक के माध्यम से तय समय सीमा के अंदर पहुंचा दें।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   2 Oct 2026 3:09 PM IST

Tags

Next Story