अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार, चोरी की 12 मोटरसाइकिलें बरामद

अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार, चोरी की 12 मोटरसाइकिलें बरामद
नोएडा के सेक्टर-63 थाने की पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतर्राज्यीय दोपहिया वाहन चोर गिरोह के दो शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की 12 मोटरसाइकिलें और एक अवैध चाकू बरामद किया है। यह कार्रवाई स्थानीय खुफिया जानकारी और गोपनीय सूचना के आधार पर की गई।

नोएडा, 10 जून (आईएएनएस)। नोएडा के सेक्टर-63 थाने की पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतर्राज्यीय दोपहिया वाहन चोर गिरोह के दो शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की 12 मोटरसाइकिलें और एक अवैध चाकू बरामद किया है। यह कार्रवाई स्थानीय खुफिया जानकारी और गोपनीय सूचना के आधार पर की गई।

पुलिस के अनुसार, थाना सेक्टर-63 पुलिस टीम ने मंगलवार को बहलोलपुर अंडरपास के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान आकाश मसी पुत्र विजय मसी और नवीन पुत्र विनोद झा के रूप में हुई है। दोनों वर्तमान में छिजारसी गांव में रह रहे थे और लंबे समय से नोएडा तथा एनसीआर क्षेत्र में वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि वे सुनसान इलाकों और ऐसे स्थानों की रेकी करते थे जहां सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे होते थे। मौका मिलने पर वे वहां खड़ी मोटरसाइकिलों को चोरी कर लेते थे। चोरी किए गए वाहनों को वे कम कीमत पर राह चलते लोगों को बेच देते थे और उससे प्राप्त धनराशि आपस में बांट लेते थे।

पुलिस को आशंका है कि गिरोह के अन्य सदस्य भी इस नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी आकाश मसी मूलरूप से बदायूं जिले का निवासी है, जबकि नवीन बिहार के वैशाली जिले का रहने वाला है। दोनों की उम्र 24 वर्ष है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, दोनों के खिलाफ पहले से ही वाहन चोरी, लूट, अवैध हथियार रखने और चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त से जुड़े कई मुकदमे दर्ज हैं। विशेष रूप से आकाश मसी के खिलाफ नोएडा, गाजियाबाद और दिल्ली के विभिन्न थानों में 15 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि नवीन के खिलाफ भी कई संगीन मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस ने बरामद 12 मोटरसाइकिलों के संबंध में जानकारी जुटानी शुरू कर दी है ताकि उनके वास्तविक मालिकों का पता लगाकर वाहन वापस किए जा सकें। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा और चोरी की घटनाओं में शामिल अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   10 Jun 2026 8:31 PM IST

Tags

Next Story