अनुराग कश्यप की 'बंदर' का टीजर आउट, 70 के दशक वाले डिस्को स्वैग में दिखे बॉबी देओल
मुंबई, 7 मई (आईएएनएस)। मशहूर निर्देशक अनुराग कश्यप और अभिनेता बॉबी देओल की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'बंदर' का टीजर गुरुवार को रिलीज कर दिया गया है। इस फिल्म में अभिनता बिल्कुल अलग अंदाज में नजर आएंगे। यह फिल्म डायरेक्टर अनुराग कश्यप के साथ बॉबी देओल का पहला कोलैबोरेशन है। वहीं एक्टर ने एक अलग तरह का रोल चुना है।
यह फिल्म समर नाम के एक डूबते हुए टीवी स्टार की कहानी है, जो सफलता के शिखर से गिरने के बाद यौन दुराचार के गंभीर आरोपों में घिर जाता है। इसके बाद शुरू होती है उसकी कानूनी और व्यक्तिगत उथल-पुथल की एक यात्रा। टीजर से स्पष्ट है कि फिल्म की कहानी जितनी सीधी दिख रही है, उससे कहीं अधिक उलझी हुई और गहरी है।
इस फिल्म में बॉबी का लुक और स्टाल दर्शकों का ध्यान खींचेगा। टीजर में अभिनेता 70 के दशक के डिस्को स्वैग में दिखाया गया है। मशहूर गाने ‘कम ऑन बेबी दिल किसको देगी’ के नए वर्जन पर बॉबी का स्वैग फैंस के बीच चर्चा का विषय बन गया है। कश्यप के निर्देशन में बॉबी को इस तरह के डार्क कॉमेडी और थ्रिलर अवतार दर्शकों को काफी पसंद आएगा। अनुराग कश्यप का क्लासिक डायरेक्शन टीजर की हर झलक में साफ नजर आता है, जो धीरे-धीरे कहानी की तीव्रता (इंटेनसिटी) को बढ़ाता है।
अनुराग कश्यप द्वारा निर्देशित फिल्म में शानदार कलाकारों की टोली है। इसमें बॉबी देओल, सान्या मल्होत्रा, राज बी शेट्टी, सपना पब्बी, सबा आजाद, रिद्धि सेन, जितेंद्र जोशी, इंद्रजीत और नागेश भोंसले जैसे कलाकार शामिल हैं।
'बंदर' की पटकथा सुदीप शर्मा और अभिषेक बनर्जी ने लिखी है। यह जोड़ी पहले 'पाताललोक,','कोहरा,'' और 'उड़ता पंजाब' जैसी कल्ट फिल्में और सीरीज दे चुकी है। निखिल द्विवेदी की सैफ्रन मैजिकलवर्क्स द्वारा प्रोड्यूस्ड और जी स्टूडियोज के सहयोग से बनी यह फिल्म 5 जून 2026 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   7 May 2026 2:09 PM IST












