अनुराग रस्तोगी को मिला दूसरा सेवा विस्तार, 31 दिसंबर 2026 तक हरियाणा के मुख्य सचिव का पद पर बने रहेंगे
चंडीगढ़, 30 जून (आईएएनएस)। हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी को छह महीने का दूसरा सेवा विस्तार मिल गया है। केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद अब वह 31 दिसंबर 2026 तक राज्य के मुख्य सचिव पद पर बने रहेंगे। हरियाणा सरकार ने उनके कार्यकाल को आगे बढ़ाने के लिए केंद्र को प्रस्ताव भेजा था, जिसे स्वीकार कर लिया गया है।
अनुराग रस्तोगी का एक साल का सेवा विस्तार पूरा होने के बाद उन्हें दोबारा छह महीने का एक्सटेंशन दिया गया है। इसके साथ ही मुख्य सचिव पद की दौड़ में शामिल कई वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों की संभावनाओं पर विराम लग गया है।
मुख्य सचिव बनने की दौड़ में 1990 बैच के आईएएस अधिकारी सुधीर राजपाल, डॉ. सुमिता मिश्रा और राजा शेखर वुंडरू शामिल माने जा रहे थे। सुधीर राजपाल 30 नवंबर 2026 को सेवानिवृत्त होंगे, जबकि राजा शेखर वुंडरू का कार्यकाल 31 जुलाई 2026 को पूरा हो जाएगा। वहीं, डॉ. सुमिता मिश्रा 31 जनवरी 2027 को रिटायर होंगी।
अनुराग रस्तोगी देश के उन चुनिंदा प्रशासनिक अधिकारियों में शामिल हो गए हैं, जिन्हें एक साल से अधिक का सेवा विस्तार दूसरी बार मिला है। इससे पहले उत्तर प्रदेश के तत्कालीन मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र को भी लंबे समय तक सेवा विस्तार दिया गया था। उन्हें सेवानिवृत्ति के बाद दो बार एक-एक साल और एक बार छह महीने का विस्तार मिला था।
इसके अलावा, ओडिशा के तत्कालीन मुख्य सचिव मनोज आहूजा को जनवरी 2025 से एक साल का सेवा विस्तार मिला था, लेकिन इसके बाद उन्हें दोबारा विस्तार नहीं दिया गया। हिमाचल प्रदेश के तत्कालीन मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना को भी अप्रैल 2025 से छह महीने का विस्तार मिला था, जो सितंबर 2025 में समाप्त हो गया।
अनुराग रस्तोगी को मिले नए विस्तार को सरकार के भरोसे और उनके प्रशासनिक अनुभव से जोड़कर देखा जा रहा है। बताया जा रहा है कि सेवा विस्तार की मंजूरी मिलने से पहले मंगलवार को वह कार्यालय में मौजूद रहे, हालांकि उन्होंने नियमित फाइलों पर काम नहीं किया। केंद्र से आदेश जारी होने के बाद वह फिर सक्रिय नजर आए।
इस साल हरियाणा कैडर के कई वरिष्ठ आईएएस अधिकारी सेवानिवृत्त होने वाले हैं। इनमें 1990 बैच के राजा शेखर वुंडरू, सुधीर राजपाल, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के प्रधान सचिव अरुण गुप्ता सहित कई अन्य अधिकारी शामिल हैं।
इसके अलावा 1995 बैच के डी. सुरेश, 2003 बैच के संजय जून, 2004 बैच की अनीता यादव और 2005 बैच की गीता भारती भी वर्ष 2026 में सेवानिवृत्त होंगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   30 Jun 2026 11:18 PM IST












