अनुराग ठाकुर बोले-'कानून से ऊपर कोई नहीं, चुनाव हारने पर संवैधानिक संस्थाओं को दोषी ठहराता है विपक्ष'
कांगड़ा, 11 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद अनुराग ठाकुर ने सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सीजेपी के विरोध प्रदर्शन और एसआईआर प्रक्रिया के विरोध को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर किसी को विरोध प्रदर्शन करने का अधिकार है, लेकिन इसके लिए निर्धारित नियमों और कानूनों का पालन करना जरूरी है।
सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सीजेपी के विरोध प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि उन्होंने युवा मोर्चा से लेकर भाजपा तक कई विरोध प्रदर्शनों में हिस्सा लिया है। ऐसे प्रदर्शनों के लिए अनुमति लेनी होती है और इसमें शामिल होने वाले लोगों की संख्या की जानकारी भी देनी पड़ती है। कोई भी व्यक्ति या संगठन कानून से ऊपर नहीं है।
उन्होंने विपक्ष पर चुनाव हारने के बाद संवैधानिक संस्थाओं को निशाना बनाने और चुनावी व्यवस्था पर सवाल उठाने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि यदि कुछ लोग यह सोचते हैं कि उन्हें किसी को जानकारी देने की जरूरत नहीं है और वे संस्थाओं, नियमों तथा कानून से ऊपर हैं, तो देश इस तरह नहीं चल सकता। लोकतांत्रिक व्यवस्था में सभी को नियमों का पालन करना चाहिए।
मतदाता सूची की एसआईआर प्रक्रिया के खिलाफ विपक्ष के विरोध प्रदर्शन पर भाजपा सांसद ने कहा कि नियमों के अनुसार कोई भी विरोध कर सकता है और इसमें किसी को आपत्ति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने के लिए झूठ का सहारा नहीं लिया जाना चाहिए।
अनुराग ठाकुर ने सवाल उठाया कि मतदाता सूची से किन लोगों के नाम हटाए जाने पर विपक्ष आपत्ति जता रहा है। उन्होंने कहा कि मृत व्यक्तियों, दोहरी प्रविष्टि वाले मतदाताओं और दूसरी जगह स्थानांतरित हो चुके लोगों के नाम मतदाता सूची में नहीं होने चाहिए।
उन्होंने कहा कि झूठ के आधार पर राजनीति करने वाले लोग बार-बार संवैधानिक संस्थाओं को निशाना बना रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जब विपक्ष चुनाव जीतता है, तब उसे इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम), चुनाव आयोग (ईसीआई) और चुनाव आयुक्तों पर भरोसा रहता है, लेकिन हारने के बाद वह इन्हीं संस्थाओं पर सवाल उठाने लगता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग विदेशी ताकतों के एजेंडे के अनुसार भारतीय लोकतंत्र को कमजोर करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिना ठोस आधार के आरोप लगाकर राजनीतिक लाभ हासिल करने की कोशिश सफल नहीं होगी।
इस दौरान अनुराग ठाकुर ने शारदीय नवरात्रि के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने हिमाचल प्रदेश को देवभूमि बताते हुए कहा कि हर साल देशभर से करोड़ों श्रद्धालु देवी के दर्शन और आशीर्वाद लेने के लिए यहां के मंदिरों में पहुंचते हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   11 Oct 2026 12:45 PM IST












