'कर्मों का फल भुगतना पड़ता है', अतीक अहमद के बेटे की मौत पर बोले भाजपा विधायक

कर्मों का फल भुगतना पड़ता है, अतीक अहमद के बेटे की मौत पर बोले भाजपा विधायक
उत्तर प्रदेश के झांसी-कानपुर हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में माफिया अतीक अहमद के बेटे आबान अहमद और उनके दोस्त सोनू की मौत हो गई। हादसे में कार सवार तीन अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनका झांसी में इलाज चल रहा है। इस हादसे पर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।

लखनऊ/झांसी, 6 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के झांसी-कानपुर हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में माफिया अतीक अहमद के बेटे आबान अहमद और उनके दोस्त सोनू की मौत हो गई। हादसे में कार सवार तीन अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनका झांसी में इलाज चल रहा है। इस हादसे पर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।

भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर ने इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "सब जानते हैं कि गाड़ी डिवाइडर से टकराई, जिससे तीन लोगों की मौत हो गई। इस दुनिया में कोई व्यक्ति या उसके परिवार के सदस्य, जो भी काम करते हैं, उन्हें कभी न कभी अपने कर्मों का फल भुगतना ही पड़ता है।"

इस हादसे पर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज है। भाजपा विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने कहा, "मुझे इस घटना के बारे में सोशल मीडिया से पता चला। मैंने देखा कि घटना के तुरंत बाद ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और पुलिस को सूचना दी। एक घायल व्यक्ति ने भी पुलिस के सामने बयान दिया। कुछ लोग ऐसे हैं जिनका काम हर घटना को विवादित बनाना है और उनकी मंशा हर मुद्दे पर बेवजह हंगामा खड़ा करना है। हालांकि, मेरा मानना है कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।"

पुलिस के अनुसार यह हादसा सुबह करीब 10:30 बजे झांसी जिले के पुंछ थाना क्षेत्र में हुआ। झांसी के एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि पांच लोगों को लेकर एक तेज रफ्तार क्रेटा कार प्रयागराज की ओर जा रही थी। किसी कारण से ड्राइवर का नियंत्रण छूट गया और कार डिवाइडर से टकरा गई।

एसएसपी मूर्ति ने कहा, "इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान अतीक अहमद के बेटे आबान अहमद और उसके दोस्त सोनू के रूप में हुई है। गाड़ी में सवार बाकी तीन लोगों, मोहम्मद जैद, उमर और एक अन्य व्यक्ति को चोटें आई हैं। तीनों का झांसी मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।"

झांसी के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सचिन माहुर ने घायलों की स्थिति के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया, "तीनों मरीजों को प्राथमिक उपचार दिया गया है। उनमें से एक की उम्र 18 साल और दूसरे की लगभग 28 साल है। दोनों के हाथों में फ्रैक्चर है। तीसरे व्यक्ति के सिर में चोट और पैर में फ्रैक्चर है। तीनों अस्पताल में भर्ती हैं और आगे की जांच चल रही है। दो शवों को भी यहां लाया गया है और उनकी प्राथमिक चिकित्सा प्रक्रियाएं पूरी की गई हैं।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   6 Aug 2026 11:03 PM IST

Tags

Next Story