अप्रैल 2027 में तय होगा 'ब्रिस्बेन 2032 ओलंपिक' का अंतिम खेल कार्यक्रम

अप्रैल 2027 में तय होगा ब्रिस्बेन 2032 ओलंपिक का अंतिम खेल कार्यक्रम
ब्रिस्बेन 2032 ओलंपिक गेम्स के लिए खेल कार्यक्रम को अप्रैल 2027 में होने वाले आईओसी के 147वें सत्र में अंतिम रूप दिया जाएगा। शनिवार को अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) ने यह घोषणा की।

डकार, 31 अक्टूबर (आईएएनएस)। ब्रिस्बेन 2032 ओलंपिक गेम्स के लिए खेल कार्यक्रम को अप्रैल 2027 में होने वाले आईओसी के 147वें सत्र में अंतिम रूप दिया जाएगा। शनिवार को अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) ने यह घोषणा की।

यह सत्र डोमिनिकन गणराज्य के पुंटा काना में आयोजित किया जाएगा। डकार 2026 यूथ ओलंपिक गेम्स से पहले डकार में हुई एक बैठक में, आईओसी कार्यकारी बोर्ड ने इस संशोधित समय-सीमा को मंजूरी दी।

ब्रिस्बेन 2032 पहला ऐसा ओलंपिक खेल होगा, जिसमें खेल कार्यक्रम तय करने के लिए आईओसी की नई कार्यप्रणाली लागू की जाएगी। इसे आईओसी के 'फिट फॉर द फ्यूचर' (भविष्य के लिए उपयुक्त) सुधारों के तहत पेश किया गया है।

इस नई कार्यप्रणाली का उद्देश्य ओलंपिक कार्यक्रम को अधिक लचीला बनाना है, साथ ही इसे प्रासंगिक और टिकाऊ बनाए रखना है। 'सिन्हुआ' की रिपोर्ट के अनुसार, खेलों का मूल्यांकन कुछ तय मानदंडों के आधार पर किया जाएगा, जिनमें एथलीट्स की भागीदारी, वैश्विक लोकप्रियता, लागत और संचालन की जटिलता जैसे कारक शामिल हैं।

अगले चरण में, आईओसी कार्यकारी बोर्ड दिसंबर 2026 में यह तय करेगा कि किन मौजूदा खेलों को ब्रिस्बेन 2032 में शामिल करने के लिए स्वतः अनुशंसित किया जाएगा। साथ ही, यह भी तय किया जाएगा कि किन मौजूदा और संभावित खेलों का तुलनात्मक मूल्यांकन किया जाएगा, और किन संभावित खेलों को आगे की प्रक्रिया से बाहर कर दिया जाएगा। उम्मीद है कि अधिकांश मौजूदा खेलों को कार्यक्रम में शामिल करने के लिए स्वतः अनुशंसित कर दिया जाएगा।

आईओसी ने बताया कि इस नई कार्यप्रणाली को अंतरराष्ट्रीय खेल महासंघों के साथ मिलकर तैयार किया गया है। इससे भविष्य के ओलंपिक खेलों के लिए खेल कार्यक्रम तय करने में मदद मिलेगी और ब्रिस्बेन 2032 इस नई प्रणाली के लिए पहला परीक्षण होगा।

ब्रिस्बेन 2032 आयोजन समिति के साथ मिलकर काम करते हुए, आईओसी इस कार्यप्रणाली को लचीले ढंग से लागू करेगा। इसमें आयोजकों की पहले से की गई तैयारियों और चल रही परिचालन योजनाओं को भी ध्यान में रखा जाएगा। ब्रिसबेन 2032 ओलंपिक खेलों का आयोजन 23 जुलाई से 8 अगस्त 2032 तक होना तय है।

नई ओलंपिक मेजबानी चयन प्रक्रिया के तहत, अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) की 'फ्यूचर होस्ट कमीशन' ने 24 फरवरी 2021 को ब्रिस्बेन को अपने पसंदीदा मेजबान उम्मीदवार के रूप में नामित किया था। इसके बाद 21 जुलाई 2021 को जापान के टोक्यो में आयोजित आईओसी के 138वें सत्र में ब्रिस्बेन की मेजबानी बोली को आधिकारिक मंजूरी दे दी गई थी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story