आर्चरी वर्ल्ड कप स्टेज 2 सिमरनजीत कौर ने कटाया सेमीफाइनल का टिकट, दीपिका को मिली हार

आर्चरी वर्ल्ड कप स्टेज 2  सिमरनजीत कौर ने कटाया सेमीफाइनल का टिकट, दीपिका को मिली हार
भारत की सिमरनजीत कौर ने चीन के शंघाई में चल रहे आर्चरी वर्ल्ड कप स्टेज 2 में शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला रिकर्व व्यक्तिगत स्पर्धा के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। यह पहली बार है, जब सिमरनजीत किसी वर्ल्ड कप स्टेज के अंतिम चार में पहुंची हैं।

शंघाई, 8 मई (आईएएनएस)। भारत की सिमरनजीत कौर ने चीन के शंघाई में चल रहे आर्चरी वर्ल्ड कप स्टेज 2 में शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला रिकर्व व्यक्तिगत स्पर्धा के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। यह पहली बार है, जब सिमरनजीत किसी वर्ल्ड कप स्टेज के अंतिम चार में पहुंची हैं।

युआनशेन स्पोर्ट्स सेंटर में खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबले में सिमरनजीत ने चीनी ताइपे की फोंग यू झू को एकतरफा अंदाज में 6-0 से हराया। भारतीय तीरंदाज ने मुकाबले में बेहतरीन निशाने लगाए और 27, 28 और 29 का शानदार स्कोर किया। उन्होंने मैच में अपनी प्रतिद्वंद्वी से दोगुने 10 स्कोर किए, जिससे उनकी जीत आसान हो गई।

इस बड़ी जीत के बाद सिमरनजीत काफी भावुक हो गईं। मैच खत्म होते ही उन्होंने अपने पिता को फोन किया और खुशी के आंसू छलक पड़े। वर्ल्ड आर्चरी से बातचीत में उन्होंने कहा कि यह पल उनके लिए बहुत खास है और वह लंबे समय से इसका इंतजार कर रही थीं।

सिमरनजीत ने कहा, "मैंने मैच के बाद अपने पिता को फोन किया और रो पड़ी, क्योंकि यह मेरे लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है। हर खिलाड़ी बड़े टूर्नामेंट और वर्ल्ड कप के लिए मेहनत करता है और यह सफलता खास महसूस होती है।"

उन्होंने बताया कि मैच के दौरान वह खुद को शांत रखने की कोशिश कर रही थीं। उन्होंने अपने आप से बार-बार कहा कि नतीजे और भावनाओं के बारे में नहीं सोचना है, सिर्फ निशाने पर ध्यान देना है।

दिलचस्प बात यह रही कि बुधवार को हुए क्वालिफिकेशन राउंड में भारतीय महिला रिकर्व टीम में सिमरनजीत सबसे नीचे रहीं थीं। टीम की दूसरी तीरंदाज अंकिता भक्त 10वें, कुमकुम अनिल मोहोद 11वें और स्टार खिलाड़ी दीपिका कुमारी 14वें स्थान पर रहीं थीं। हालांकि, नॉकआउट मुकाबलों में सिमरनजीत ने शानदार वापसी करते हुए सभी को खासा प्रभावित किया।

अंकिता भक्त तीसरे राउंड में शूट-ऑफ में फोंग यू झू से हार गईं, जबकि दीपिका कुमारी को दक्षिण कोरिया की कांग चाएयंग ने 6-4 से हराया। वहीं, कुमकुम मोहोद को मेक्सिको की एलेजांद्रा वालेंसिया से 3-7 से हार का सामना करना पड़ा।

2024 एशिया कप की सिल्वर मेडलिस्ट सिमरनजीत को ओवरऑल 15वीं सीड मिली है और इसलिए वह चीन के खिलाफ भारत के रिकर्व महिला टीम गोल्ड मेडल मैच में नहीं खेलेंगी, हालांकि चारों एथलीट रविवार को शंघाई से मेडल लेकर जा सकती हैं। वहीं, पुरुष रिकर्व व्यक्तिगत स्पर्धा में भारत का सफर खत्म हो गया है। धीरज बोम्मादेवरा चौथे राउंड में फ्रांस के जीन-चार्ल्स वलाडोंट से 0-6 से हार गए।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   8 May 2026 6:19 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story