एशियन गेम्स श्रीलंका की 15 सदस्यीय पुरुष क्रिकेट टीम घोषित, अराचिगे को मिली कमान
कोलंबो, 22 सितंबर (आईएएनएस)। श्रीलंका क्रिकेट ने एशियन गेम्स 2026 के लिए 15 सदस्यीय पुरुष टीम घोषित कर दी है। सहन अराचिगे को टीम की कमान सौंपी गई है, जबकि निरोशन डिकवेला को विकेटकीपर के तौर पर बरकरार रखा गया।
10 टीमों के बीच टी20 प्रतियोगिता 24 सितंबर से 3 अक्टूबर तक आइची प्रान्त के निशिन में कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेली जाएगी। श्रीलंकाई टीम 24 सितंबर को जापान के लिए रवाना होगी। इस टीम के अभियान की शुरुआत 29 सितंबर से होगी।
टीम में अनुभवी और नए खिलाड़ियों का मिश्रण है। सीनियर खिलाड़ियों में चमिका करुणारत्ने और नुवान तुषारा शामिल हैं। एशेन बंडारा, सोहन डी लिवेरा और लसिथ क्रूसपुले बल्लेबाजी के विकल्प देते हैं, जबकि विजयकांत व्यासकांत गेंदबाजी आक्रमण में एक विशेषज्ञ लेग-स्पिन विकल्प जोड़ते हैं।
हाल ही में श्रीलंका को इंग्लैंड के हाथों टी20 सीरीज में 0-3 से हार का सामना करना पड़ा था। एशियन गेम्स के लिए उससे काफी अलग टीम को चुना गया है। दोनों टीमों में सिर्फ नुवान तुषारा और थरिंदु रत्नायके को शामिल किया गया है।
कप्तान कुसल मेंडिस और बिनुरा फर्नांडो चोट के कारण इंग्लैंड दौरे से बाहर हो गए थे। ऐसे में चरित असलंका को टीम की कमान सौंपी गई थी, लेकिन अब फर्नांडो के फिट होने के बाद उन्हें एशियन गेम्स टीम में शामिल कर लिया गया है।
2010 में ग्वांगझू में पहली बार शामिल किए जाने के बाद से क्रिकेट तीन बार एशियाई खेलों का हिस्सा रहा है। श्रीलंका ने ग्वांगझू में कांस्य पदक जीता था और फिर 2014 में इंचियोन में स्वर्ण पदक जीता, जहां उन्होंने फाइनल में अफगानिस्तान को हराया था।
2023 में खेले गए एशियन गेम्स में श्रीलंका को खाली हाथ लौटना पड़ा था। उस संस्करण में भारत ने गोल्ड मेडल अपने नाम किया था, जबकि अफगानिस्तान को सिल्वर हाथ लगा। बांग्लादेशी टीम ने ब्रॉन्ज मेडल पर कब्जा जमाया था।
एशियन गेम्स 2026 के लिए श्रीलंकाई टीम: सहान अराचिगे (कप्तान), लसिथ क्रूसपुले, निरोशन डिकवेला (विकेटकीपर), सिनेथ जयवर्धने, नुवानिदु फर्नांडो, सोहन डी लिवरा, एशेन बंडारा, चमिका करुणारत्ने, थारिन्दु रत्नायके, वनुजा सहन, विजयकांत वियास्कंथ, दुशान हेमंथा, नुवान तुषारा, बिनुरा फर्नांडो, गरुका संकेथ।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   22 Sept 2026 9:30 PM IST












