अस्पताल से डिस्चार्ज हुए शरद पवार, सुप्रिया सुले ने डॉक्टरों और शुभचिंतकों का जताया आभार

मुंबई, 8 नवंबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) प्रमुख शरद पवार के अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान उनकी देखभाल करने वाले कर्मचारियों और शुभचिंतकों का बेटी सुप्रिया सुले ने आभार जताया है।
सांसद सुप्रिया सुले ने रविवार को सोशल मीडिया पोस्ट पर लिखा, "शरद पवार (बाबा) को ब्रीच कैंडी अस्पताल से डिस्चार्ज मिल गया है। इलाज के दौरान बेहद आत्मीयता और स्नेह के साथ उनकी देखभाल करने के लिए अस्पताल के सभी डॉक्टरों, नर्सों और कर्मचारियों का दिल से आभार।"
सुप्रिया सुले ने कहा, "इसके साथ ही बाबा के अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान उनसे प्रत्यक्ष रूप से मुलाकात कर और विभिन्न माध्यमों से उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना एवं शुभकामनाएं देकर हौसला बढ़ाने वाले सभी शुभचिंतकों का भी हृदय से धन्यवाद। आप सभी के स्नेह, आशीर्वाद और शुभकामनाओं के लिए बहुत-बहुत आभार, धन्यवाद।"
शरद पवार को सीने में संक्रमण और ब्रोंकाइटिस के दौरे के इलाज के बाद शनिवार को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी। शरद पवार का इलाज कर रहे डॉक्टर प्रतीत समदानी ने कहा कि पवार की सेहत में सुधार हो रहा है और अब वह मुंबई स्थित अपने सिल्वर ओक आवास पर रहकर दवा और आराम के जरिए स्वास्थ्य लाभ लेंगे।
डॉ. सामदानी ने कहा, "शरद पवार को स्थिर हालत में अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। अब उनका इलाज घर पर जारी रहेगा। उन्हें ब्रोंकाइटिस से पीड़ित थे और सीने में संक्रमण था, जिसमें अब सुधार हो रहा है। उन्हें घर पर इलाज जारी रखने और सामान्य सावधानियां बरतने को कहा गया है। उनकी उम्र को देखते हुए कुछ अतिरिक्त निर्देश भी दिए गए हैं। वह निर्देशों का पालन करने वाले व्यक्ति हैं और मुझे पूरा विश्वास है कि वह अपना ध्यान रखेंगे।"
इससे पहले शरद पवार को बुधवार को इलाज के बाद पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक से भी छुट्टी दी गई थी। शरद पवार को सोमवार को खांसी और सीने में तकलीफ की शिकायत के बाद रूबी हॉल क्लिनिक में भर्ती कराया गया था।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
