असम के नगांव लोकसभा उपचुनाव में सिबामोनी बोरा होंगी कांग्रेस उम्मीदवार

असम के नगांव लोकसभा उपचुनाव में सिबामोनी बोरा होंगी कांग्रेस उम्मीदवार
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने असम की नगांव लोकसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए पूर्व विधायक सिबामोनी बोरा के नाम को मंजूरी दे दी है। पार्टी ने उन्हें आगामी लोकसभा उपचुनाव में अपना अधिकृत उम्मीदवार घोषित किया है। नगांव सीट पर 6 अक्टूबर को मतदान होगा, जबकि मतगणना 9 अक्टूबर को होगी।

नई दिल्ली, 14 सितंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने असम की नगांव लोकसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए पूर्व विधायक सिबामोनी बोरा के नाम को मंजूरी दे दी है। पार्टी ने उन्हें आगामी लोकसभा उपचुनाव में अपना अधिकृत उम्मीदवार घोषित किया है। नगांव सीट पर 6 अक्टूबर को मतदान होगा, जबकि मतगणना 9 अक्टूबर को होगी।

नगांव उपचुनाव को असम की राजनीति में काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यह सीट पूर्व कांग्रेस सांसद प्रद्युत बोरदोलोई के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। बोरदोलोई ने लोकसभा और कांग्रेस की सदस्यता छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया था। उन्होंने बाद में असम विधानसभा चुनाव में भाजपा के टिकट पर दिसपुर सीट से चुनाव जीत लिया, जिसके बाद नगांव लोकसभा क्षेत्र में उपचुनाव की नौबत आई।

कांग्रेस ने इस चुनावी मुकाबले के लिए पूर्व विधायक सिबामोनी बोरा पर भरोसा जताया है। पार्टी का मानना है कि बोरा स्थानीय स्तर पर मजबूत पकड़ रखने वाली नेता हैं और नगांव में कांग्रेस के समर्थन आधार को मजबूत करने में सक्षम होंगी।

वहीं, भाजपा ने पूर्व आईएएस अधिकारी और नगांव के पूर्व उपायुक्त देवाशीष शर्मा को मैदान में उतारा है। शर्मा ने 3 सितंबर को स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ली थी, 8 सितंबर को भाजपा में शामिल हुए और कुछ ही दिनों बाद उन्हें पार्टी का उम्मीदवार घोषित कर दिया गया। उनकी उम्मीदवारी भी राजनीतिक बहस का विषय बनी हुई है। कांग्रेस ने उनके प्रशासनिक कार्यकाल और राजनीति में तत्काल प्रवेश को लेकर सवाल उठाए हैं।

इस बीच, असम कांग्रेस अध्यक्ष और सांसद गौरव गोगोई ने नगांव उपचुनाव को भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधी लड़ाई बताया है। उन्होंने कहा कि यह चुनाव इस बात की परीक्षा है कि भाजपा की कथित 'डर की राजनीति' जीतती है या फिर जनता अपने अधिकारों और सम्मान के लिए आवाज उठाती है। नगांव की जनता भय और दबाव की राजनीति को खारिज करेगी।

नगांव सीट कांग्रेस के लिए इसलिए भी अहम है क्योंकि पार्टी ने 2019 और 2024 दोनों लोकसभा चुनावों में यहां जीत दर्ज की थी। दूसरी ओर, भाजपा प्रद्युत बोरदोलोई के दल-बदल और देवाशीष शर्मा की स्थानीय पहचान को चुनावी लाभ में बदलने की कोशिश कर रही है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   14 Sept 2026 10:43 PM IST

Tags

Next Story