डबल इंजन सरकार में महिलाओं का हो रहा अपमान अवधेश प्रसाद
लखनऊ, 11 अक्टूबर (आईएएएस)। समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने केंद्र और यूपी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने दिल्ली में चल रहे विरोध प्रदर्शन, सीएम योगी आदित्यनाथ की अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर चल रहे प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया दी।
सांसद अवधेश प्रसाद ने दिल्ली में प्रदर्शन कर रही महिलाओं के मुद्दे पर बोलते हुए कहा, "देश की डबल इंजन सरकार में महिलाओं का अपमान और शोषण हो रहा है। इसका सीधा सबूत दिल्ली प्रदर्शन में देखने को मिल रहा है। वे हिटलर से भी ज्यादा मजबूत हो गए हैं। देश को हिटलरशाही के द्वारा चला रहे हैं और लोकतंत्र और संविधान की हत्या कर रहे हैं। हम समाजवादी पार्टी के लोग अखिलेश यादव के नेतृत्व में संघर्ष करते रहेंगे। इस हुकूमत को जड़ से उखाड़ फेंकने का संकल्प ले रहा हूं।"
सीएम योगी आदित्यनाथ के अयोध्या से चुनाव लड़ने वाले बयान पर पलटवार करते हुए सपा सांसद ने कहा, "2027 के चुनाव नजदीक आ रहे हैं और तब तक लोग भाजपा और सीएम योगी आदित्यनाथ की सरकार से अपना भरोसा और विश्वास पूरी तरह खो चुके होंगे। लोगों का विश्वास सपा पर होगा, जिसका नतीजा होगा कि 2027 के चुनाव में भाजपा सरकार बहुत बुरी तरह से धराशायी होगी। अखिलेश यादव की सरकार आएगी।"
उन्होंने आगे कहा, "2024 लोकसभा चुनाव में भाजपा को यूपी में कम सीटें मिली थीं। 2027 में भी यही हाल होगा। भाजपा के हार का सिलसिला 2024 से ही शुरू हो गया है, जो आगे भी जारी रहेगा। सरकार की विदाई तय है। सरकार का अन्याय उन्हें 2027 में बहुत महंगा पड़ेगा। जनता का विश्वास पूरी तरह से भाजपा से हट गया है। लोगों का भरोसा सिर्फ समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव के साथ है। जनता का फैसला सर्वोच्च है।"
इससे पहले लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जयंती के अवसर पर अवधेश प्रसाद ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा, "आज लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जयंती है। इस मौके पर समाजवादी पार्टी और अपने सम्मानित क्षेत्रवासियों की ओर से मैं हार्दिक बधाई देता हूं। आज का दिन इससे और भी ज्यादा महत्वपूर्ण हो जाता है कि नवरात्रि की शुरुआत भी आज से शुरू हो रही है। सभी को मैं नवरात्र की बधाई भी देता हूं।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   11 Oct 2026 9:10 PM IST












