अयोध्या में 2,232 दुर्गा प्रतिमाओं की स्थापना, सीसीटीवी और ड्रोन से होगी निगरानी

अयोध्या में 2,232 दुर्गा प्रतिमाओं की स्थापना, सीसीटीवी और ड्रोन से होगी निगरानी
दशहरा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए अयोध्या पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि जिले के सभी थाना क्षेत्रों में परंपरागत रूप से स्थापित की जाने वाली कुल 2,232 दुर्गा प्रतिमाओं में से लगभग 70 प्रतिशत की स्थापना हो चुकी है। शेष प्रतिमाओं की स्थापना को लेकर पुलिस अधिकारी लगातार आयोजकों और समितियों के संपर्क में हैं।

अयोध्या, 13 अक्टूबर (आईएएनएस)। दशहरा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए अयोध्या पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि जिले के सभी थाना क्षेत्रों में परंपरागत रूप से स्थापित की जाने वाली कुल 2,232 दुर्गा प्रतिमाओं में से लगभग 70 प्रतिशत की स्थापना हो चुकी है। शेष प्रतिमाओं की स्थापना को लेकर पुलिस अधिकारी लगातार आयोजकों और समितियों के संपर्क में हैं।

एसएसपी ने कहा कि त्योहारों के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और आम नागरिकों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। पुलिस का प्रयास है कि सभी कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ संपन्न हों और लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन को देखते हुए पुलिस अधिकारी आयोजकों और समितियों के साथ मिलकर विसर्जन मार्गों और विसर्जन स्थलों का लगातार निरीक्षण कर रहे हैं। इसका उद्देश्य त्योहार के दौरान व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना और किसी भी तरह की अव्यवस्था से बचना है। आने वाले दिनों में जिन स्थानों पर प्रतिमाओं की स्थापना होनी है, वहां के आयोजकों से भी संपर्क बनाए रखा जा रहा है। पुलिस अधिकारियों को व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा करने और आयोजन समितियों के साथ समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

एसएसपी ने बताया कि दुर्गा पूजा के साथ रामलीला मंचन, दशहरा, रावण दहन और भरत मिलाप जैसे आयोजनों को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक तैयारी की गई है। सभी प्रमुख आयोजनों पर कंट्रोल रूम के माध्यम से नजर रखी जा रही है। इसके लिए सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन कैमरों का इस्तेमाल किया जा रहा है। पुलिस आयोजकों के साथ मिलकर कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण कर रही है, ताकि सभी आयोजन व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सकें। सुरक्षा के साथ-साथ यातायात प्रबंधन और आम लोगों की आवाजाही को सुगम बनाए रखने पर भी ध्यान दिया जा रहा है।

गौरव ग्रोवर ने आगे बताया कि पुलिस का मीडिया सेल 24 घंटे सक्रिय है और सोशल मीडिया पर प्रकाशित होने वाली पोस्टों पर लगातार नजर रखी जा रही है। यदि कोई व्यक्ति सोशल मीडिया के माध्यम से भ्रामक जानकारी फैलाने या अराजकता पैदा करने का प्रयास करता है, तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की प्राथमिकता त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   13 Oct 2026 10:57 PM IST

Tags

Next Story