आजमगढ़ में आतंकवादी पकड़े जाने पर ओम प्रकाश राजभर का सपा पर तंज, बोले-अखिलेश यादव दें जवाब
लखनऊ, 2 जून (आईएएनएस)। सुभासपा प्रमुख और कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने आजमगढ़ में आतंकवादी पकड़े जाने, कानून-व्यवस्था, सीट बंटवारे के विवाद और विकास के मुद्दों पर अखिलेश यादव का घेराव किया।
उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा, "समाजवादी पार्टी आजमगढ़ को अपना गढ़ मानती है। यहां सपा के 10 विधायक और 2 सांसद हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष, अधिकांश नगर पंचायतें, नगर पालिकाएं और ब्लॉक प्रमुख भी सपा के पास हैं। अखिलेश यादव ने भी सैफई छोड़कर आजमगढ़ में अपना घर बना लिया है। फिर भी यहां आतंकवादी पकड़े जा रहे हैं।"
ओम प्रकाश राजभर ने कहा, “जिसके घर में आतंकवादी पकड़ा जाए, उसे क्या कहेंगे? यह समाजवादियों का संरक्षण नहीं तो और क्या है? अखिलेश यादव को बताना चाहिए कि उनके गढ़ में आतंकवादी कैसे रहते हैं।”
राजभर ने तंज कसते हुए कहा कि सपा जिले को एक विश्वविद्यालय तक नहीं दे पाई, जबकि भाजपा सरकार ने युवाओं के लिए विश्वविद्यालय खोलकर बेहतर व्यवस्था दी है। समाजवादी पार्टी के शासनकाल में दंगे होते थे और आमजन को भारी नुकसान उठाना पड़ता था, लेकिन योगी आदित्यनाथ सरकार में दंगों पर पूर्णता विराम लगा है। कई जगहों पर दंगे भड़काने की कोशिश की गई, लेकिन प्रशासन ने उन्हें नाकाम कर दिया।
उन्होंने आगे कहा कि कुछ घटनाओं में सपाइयों के नाम सामने आ रहे हैं। इस पर अखिलेश यादव कोई जवाब नहीं देंगे। भाजपा के राज में लगातार यूपी का विकास हो रहा है, यह बात जनता को भी पता चल गई है, इसीलिए जनता भाजपा को पसंद कर रही है।
ओम प्रकाश राजभर ने योगी सरकार की प्रशंसा करते हुए कहा कि गो-रक्षा पर मुख्यमंत्री का सख्त रुख सराहनीय है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार विकास और कानून-व्यवस्था दोनों मोर्चों पर अच्छा काम कर रही है, जबकि विपक्षी दल केवल आरोप लगाने में लगे हैं।
उन्होंने कहा कि जनता अब विकास और सुरक्षा चाहती है, न कि पुरानी राजनीति को पंसद कर रही है। युवाओं, किसानों और पिछड़ों के उत्थान के लिए भाजपा सरकार की नीतियों की सराहना हो रही है। इसी के चलते आगामी चुनावों में सपा-कांग्रेस गठबंधन को कमजोर बताते हुए कहा कि जनता विकास की राजनीति को समर्थन देगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   2 Jun 2026 11:50 PM IST












