लोकसभा चुनाव 2024: आजमगढ़ को बदनाम करने वाले आज बेनकाब हो चुके हैं मुख्यमंत्री योगी

आजमगढ़ को बदनाम करने वाले आज बेनकाब हो चुके हैं  मुख्यमंत्री योगी
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आजमगढ़ में भाजपा प्रत्याशी नीलम सोनकर और दिनेश लाल यादव निरहुआ के पक्ष में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए विपक्ष पर जमकर हमला बोला।

आजमगढ़, 16 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आजमगढ़ में भाजपा प्रत्याशी नीलम सोनकर और दिनेश लाल यादव निरहुआ के पक्ष में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए विपक्ष पर जमकर हमला बोला।

उन्होंने कहा कि देश 10 वर्ष पहले पहचान और विश्वास के संकट से जूझ रहा था। हर एक व्यक्ति पर सुरक्षा का खतरा मंडरा रहा था। देश में विकास कार्य ठप हो चुके थे क्योंकि कांग्रेस नेतृत्व वाली सरकार भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ चुकी थी। उस दौरान गरीब भूख से मरता था, किसान आत्महत्या करते थे, बेटी और व्यापारी सुरक्षित नहीं थे। देश और दुनिया में आतंकी घटना होने पर उसके तार आजमगढ़ से जोड़े जाते थे और उसे बदनाम किया जाता था। पिछले 10 वर्षों में हमने बदलते हुए भारत को देखा है। हम एक नए भारत का दर्शन कर रहे हैं, जिसमें दुनिया में सम्मान बढ़ा है, सीमाएं सुरक्षित हुई हैं, आतंकवाद, नक्सलवाद पर प्रभावी अंकुश लगा है। आजमगढ़ में महाराज सुहेलदेव के नाम पर एक विश्वविद्यालय बन गया है। इसके साथ ही आजमगढ़ पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जुड़ गया है। आज आजमगढ़ में एयरपोर्ट भी है। ये सब मोदी की गारंटी से हुआ है।

मुख्यमंत्री योगी ने आगे कहा कि आजमगढ़ को बदनाम करने वाले आज बेनकाब हो चुके हैं। आज आजमगढ़ वाराणसी, गोरखपुर, अयोध्या, प्रयागराज समेत अन्य जिलों से फोरलेन की बेहतरीन कनेक्टिविटी के साथ जुड़कर नए भारत के नए उत्तर प्रदेश का नया आजमगढ़ बन चुका है। पहले देश और दुनिया में लोग आजमगढ़ का नाम सुनते ही चौंक जाते थे। उस दौरान यहां के लोगों को देश और दुनिया में जाने में काफी समस्या होती थी क्योंकि वहां आजमगढ़वासियों को होटल तो दूर धर्मशाला में भी रूम नहीं मिलते थे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज आजमगढ़वासियों का सम्मान बढ़ा है। उन्हें नई पहचान मिली है। यही वजह है कि पूरे देश में 'अबकी बार 400 पार' की गूंज सुनाई दे रही है। पूरा देश एक स्वर में कह रहा है कि जो राम को लाए हैं, हम उनको लाएंगे। हमें भटकना और बहकना नहीं है। जिन्होंने हमारे लिए काम किया है और हमें पहचान दी है। ऐसे में हमें कमल खिलाने के अभियान के साथ जुड़ना है।

-- आईएएनएस

विकेटी/एकेएस

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   16 May 2024 9:22 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story