हेल्थ टिप्स बदलते मौसम में संक्रमण का बढ़ता खतरा, बचाव के लिए अपनाएं ये आसान आदतें
नई दिल्ली, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। मौसम के बदलते ही संक्रमण का खतरा भी तेजी से बढ़ रहा है। गर्मी से लेकर बारिश की शुरुआत तक का यह समय वायरल बुखार, सर्दी-जुकाम, एलर्जी और अन्य संक्रमणों के लिए अनुकूल माना जाता है। डॉक्टरों के अनुसार, इस दौरान साफ-सफाई, स्वस्थ खान-पान और कुछ जरूरी सावधानियों का पालन करके खुद को सुरक्षित रखा जा सकता है।
नेशनल हेल्थ मिशन के अनुसार, बदलते मौसम में हवा में नमी बढ़ने और तापमान में उतार-चढ़ाव के कारण बैक्टीरिया और वायरस तेजी से फैलते हैं। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी को इस समय सतर्क रहने की जरूरत है। छोटे-छोटे बदलाव अपनाकर संक्रमण से बच सकते हैं और स्वस्थ जीवनशैली बना सकते हैं।
डॉक्टर्स का कहना है कि इन छोटी-छोटी आदतों को अपनाने से मौसम बदलने पर होने वाले संक्रमण से बचा जा सकता है। अगर बुखार, खांसी या सांस की तकलीफ हो तो तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें।
विशेषज्ञ के अनुसार, संक्रमण से बचाव के सबसे पहले बारिश में भीगने से बचें। अगर बारिश हो रही हो तो छाता या रेनकोट का इस्तेमाल जरूर करें। भीगे कपड़ों में ज्यादा देर न रहें, तुरंत सूखे कपड़े पहन लें। इससे सर्दी, जुकाम और वायरल संक्रमण का खतरा कम होता है। साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। बाहर से आने के बाद या खाने से पहले हाथों को साबुन से धोएं। घर और आसपास के क्षेत्र को साफ रखें। कीटाणुनाशक का इस्तेमाल करें ताकि बैक्टीरिया न फैल सके।
सबसे जरूरी है कि स्ट्रीट फूड और बाहर के खाने को इस समय पूरी तरह से ना कहें। बाजार में बिकने वाले चाट, पकौड़ी, समोसा या अन्य खाने पीने की चीजें संक्रमण का बड़ा कारण बन सकते हैं। घर पर पका हुआ ताजा और गर्म भोजन ही खाएं। एलर्जी से भी सावधान रहें। बदलते मौसम में धूल, परागकण और फफूंद बढ़ जाती है, जिससे आंखों में खुजली, छींकें और सांस लेने में तकलीफ हो सकती है। अगर एलर्जी की समस्या है तो डॉक्टर की सलाह से दवा लें और बाहर निकलते समय मास्क का इस्तेमाल करें।शरीर को पूरी तरह ढकने वाले कपड़े पहनें। फुल स्लीव्स वाले कपड़े और स्कार्फ का उपयोग करें।
साथ ही मजबूत इम्युनिटी बनाए रखने के लिए पौष्टिक आहार जरूर लें। फल जैसे संतरा, मौसमी, अमरूद, सेब और सब्जियां जैसे पालक, गाजर, टमाटर अपने भोजन में शामिल करें। विटामिन सी युक्त चीजें इम्युनिटी बढ़ाती हैं। साथ ही पर्याप्त पानी पिएं और रोजाना व्यायाम या हल्की वॉक करें।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   9 April 2026 3:50 PM IST












