बंगाल में इस बार परिवर्तन तय है, भाजपा की बनेगी सरकार राजीव प्रताप रूडी
पटना, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। भाजपा सांसद राजीव प्रताप रूडी ने पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सीएम ममता बनर्जी पर तंज कसते हुए कहा कि जब जमीन खिसकने लगे तो बेतुके बयान भी सामने आने लगते हैं।
पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान भाजपा सांसद ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि बंगाल की जनता इस बार परिवर्तन करने जा रही है।
उन्होंने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान राजद के नेताओं ने भी एसआईआर के मुद्दे पर जनता को गुमराह करने का भरपूर प्रयास किया। चुनाव निष्पक्ष हुए और परिणाम भी आया, राजद को करारी हार का सामना करना पड़ा। यही हाल बंगाल में ममता बनर्जी का होने वाला है।
भाजपा के स्थापना दिवस पर पीएम मोदी के बयान पर भाजपा सांसद ने कहा कि भाजपा के जितने भी लक्ष्य हैं, उन्हें एक-एक करके पूरा किया जा रहा है।
उन्होंने गिनाया कि आर्टिकल 370 हो या तीन तलाक, पिछले 11 वर्षों में देश में बड़ा परिवर्तन देखने को मिल रहा है। बिहार के सीएम नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने पर भाजपा सांसद ने कहा कि मुख्यमंत्री ने अपना निर्णय ले लिया है।
उन्होंने कहा कि वे राज्यसभा में शपथ लेंगे, तो बिहार में नया अध्याय शुरू होगा। लेकिन, बिहार के नए अध्याय में भी उनकी भागीदारी होगी और उनके हर कदम के साथ एनडीए के लोग पूर्ण रूप से साथ हैं।
भाजपा के स्थापना दिवस पर उन्होंने पार्टी के सभी समर्पित कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के ‘अंत्योदय’ के संकल्प से प्रेरित यह यात्रा, त्याग, तपस्या और राष्ट्रसेवा की अनवरत गाथा है। पीएम मोदी के नेतृत्व में ‘राष्ट्र प्रथम’ का विचार आज ‘विकसित भारत’ के संकल्प के रूप में साकार हो रहा है। इस अवसर पर हम सेवा, समर्पण और सुशासन के पथ पर अग्रसर होकर राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान और सशक्त करें।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   6 April 2026 11:37 PM IST












