बांकीपुर उपचुनाव में मजबूती से उतरेगा राजद, भाजपा को जनता देगी जवाब शक्ति यादव
पटना, 2 जुलाई (आईएएनएस)। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के मुख्य प्रवक्ता शक्ति यादव ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति, प्रशांत किशोर की ओर से की जा रही जोर आजमाइश पर टिप्पणी की। उन्होंने दावा किया कि राजद बांकीपुर सीट पर मजबूती से चुनाव लड़ेगा और जनता भाजपा को करारा जवाब देगी। भरत तिवारी की मौत के मामले में उन्होंने भाजपा नेतृत्व और राज्य सरकार की भूमिका पर सवाल उठाए।
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर शक्ति यादव ने कहा कि इस सीट पर राजद पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतरेगा। बाकीपुर विधानसभा में उपचुनाव होने हैं। अधिसूचना आज जारी हो गई है। राष्ट्रीय जनता दल मजबूती के साथ चुनाव जीतेगा। भाजपा कहीं दिखाई इस बार पड़ने वाली नहीं है। इस बार लोग मौके की तलाश में हैं।
प्रशांत किशोर की चुनावी सक्रियता और उनकी पार्टी की ओर से उपचुनाव में दावेदारी को लेकर पूछे गए सवाल पर शक्ति यादव ने कहा कि लोकतंत्र में हर राजनीतिक दल को चुनाव लड़ने का अधिकार है। उन्होंने कहा, "बहुत सारी पार्टियां हाल के दिनों में बनी हैं। उनको भी इच्छा होती होगी कि हम भी लड़ें और लड़ना ही चाहिए।"
भरत तिवारी के परिवार से मिलने के लिए केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के जाने और इस पूरे मामले में भाजपा नेतृत्व की भूमिका पर सवाल उठाते हुए राजद प्रवक्ता ने कहा कि सबसे पहले यह जवाब दिया जाना चाहिए कि भरत तिवारी की मौत क्यों हुई और प्रशासन को इतनी छूट किसने दी। उन्होंने कहा कि आपराधिक प्रवृत्ति का भी व्यक्ति अगर कोई है, तो भी पुलिस को एनकाउंटर करने का अधिकार नहीं है। शक्ति यादव ने आरोप लगाया कि घटना के बाद जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि आज भरत तिवारी का परिवार रो रहा है, बिलख रहा है। एनकाउंटर में शामिल पुलिस और अधिकारी को तो मलाईदार जगह मिल गई और आपको साफ संदेश दे दिया गया कि कोई कार्रवाई का मतलब नहीं है। एनकाउंटर हमने जो कर दिया, सो कर दिया। कोई मानने वाला नहीं है।
चिराग पासवान के प्रस्तावित दौरे पर भी टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि चिराग पासवान आज जा रहे हैं, वो वहां पंचायत क्या, महापंचायत लगाएंगे। ठेका खोसा और चल दिया। इस पूरे मामले में भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने संवेदनशीलता नहीं दिखाई। न गृह मंत्री पहुंचे, न मुख्यमंत्री पहुंचे, न भाजपा का अध्यक्ष गया, कोई कहां गया? राजद ने तो राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के नेतृत्व में कमेटी भेजी। हम लोगों ने शुरू दिन से कहा, "नेता प्रतिपक्ष ने शुरू दिन से ही कहा, ये एनकाउंटर है, ये लाइव प्रमाण है। अब इसका प्रमाण खोजा जा रहा है? उन्होंने सवाल करते हुए कहा कि वीडियो में नहीं देखा है क्या कि कैसे उसकी हत्या हुई है? ये प्रमाण खोजने जा रहे हैं? किसको बेवकूफ बना रहे हो?
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   3 July 2026 12:04 AM IST












