'बर्बाद फसलों के नुकसान की भरपाई के लिए किसानों को मिले मुआवजा', राजद सांसद ने सीएम नीतीश कुमार को लिखा पत्र

बर्बाद फसलों के नुकसान की भरपाई के लिए किसानों को मिले मुआवजा, राजद सांसद ने सीएम नीतीश कुमार को लिखा पत्र
राजद के सांसद सुधाकर सिंह ने रविवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पत्र लिखकर हाल के दिनों में हुई बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान की भरपाई के लिए किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

पटना, 22 मार्च (आईएएनएस)। राजद के सांसद सुधाकर सिंह ने रविवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पत्र लिखकर हाल के दिनों में हुई बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान की भरपाई के लिए किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

राजद के सांसद सुधाकर सिंह ने अपने पत्र में लिखा है कि 19 मार्च से 21 मार्च तक बिहार में अचानक हुए मौसम परिवर्तन के कारण तेज आंधी, तूफान, एवं लगातार बारिश ने राज्य के किसानों को भारी क्षति पहुंचाई है। इस प्राकृतिक आपदा के चलते विशेष रूप से रबी फसलें जैसे गेहूं, मक्का, सरसों के साथ-साथ दलहनी फसलें जैसे अरहर, मसूर आदि व्यापक रूप से प्रभावित हुई हैं।

उन्होंने कहा कि बिहार के हजारों किसान इस अचानक आई विपदा के कारण गहरे दुख और आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। खेतों में तैयार खड़ी रबी फसलों का इस प्रकार बर्बाद हो जाना केवल आर्थिक नुकसान ही नहीं, बल्कि किसानों के जीवनयापन और भविष्य की आजीविका पर भी गंभीर प्रभाव डालता है।

उन्होंने राज्य सरकार से तत्काल एक उच्चस्तरीय टीम गठित कर प्रभावित क्षेत्रों का व्यापक सर्वेक्षण कराने और किसानों की फसलों के नुकसान का पारदर्शी एवं त्वरित मूल्यांकन सुनिश्चित कर प्रभावित किसानों को उनकी क्षति के अनुरूप उचित एवं सम्मानजनक मुआवजा प्रदान करने की मांग रखी है।

बता दें कि हाल में प्रदेश के विभिन्न जिलों में हुई बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को काफी नुकसान हुआ है। तेज आंधी और झमाझम बारिश के साथ हुई भीषण ओलावृष्टि ने खेतों में खड़ी और कटनी के लिए तैयार गेहूं की फसल को भारी नुकसान पहुंचाया है। गेहूं के साथ-साथ आम और लीची की फसलों को भी व्यापक क्षति हुई है। तेज आंधी और ओलों की वजह से मंजर झड़ गए हैं, जिससे इस साल फलों के उत्पादन में भारी गिरावट आने की आशंका है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   22 March 2026 11:03 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story