बतौर मेंटॉर धोनी का होना आने वाली पीढ़ी के लिए बहुत फायदेमंद होगा राशिद लतीफ

नई दिल्ली, 17 नवंबर (आईएएनएस)। पाकिस्तान के पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज राशिद लतीफ का मानना है कि महेंद्र सिंह धोनी का चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के ड्रेसिंग रूम में मेंटर के रूप में मौजूद रहना युवा खिलाड़ियों के लिए बेहद फायदेमंद होगा। लतीफ ने कहा कि धोनी का अनुभव और मार्गदर्शन सिर्फ सीएसके तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि उनके साथ काम करने वाले युवा खिलाड़ी आगे चलकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी इसका लाभ उठा सकते हैं।
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) से संन्यास ले चुके धोनी, साल 2027 सीजन से बतौर मेंटॉर सीएसके के साथ अपनी नई पारी शुरू करेंगे। लतीफ ने भारतीय क्रिकेट में इस दिग्गज विकेटकीपर-बल्लेबाज के योगदान की तारीफ की। उन्होंने धोनी की सफल कप्तानी को याद करते हुए कहा कि अपने शानदार करियर के दौरान उन्होंने कई खिलाड़ियों को प्रेरित किया।
राशिद लतीफ ने आईएएनएस से कहा, "वह एक सफल कप्तान रहे हैं। उन्होंने मशहूर 'नंबर 7' जर्सी पहनी और चेन्नई की जानी-मानी पीली जर्सी का प्रतिनिधित्व किया। भले ही अब वह खेल नहीं रहे हैं, लेकिन मुझे लगता है कि चेपॉक स्टेडियम का माहौल वैसा ही रहेगा, जैसा उनके खेलने के दिनों में हुआ करता था। मेंटॉर के तौर पर उनका होना आने वाली पीढ़ी के लिए बहुत फायदेमंद होगा।"
पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर ने भारतीय क्रिकेट में धोनी के लंबे दबदबे और चेन्नई सुपर किंग्स के साथ उनके जुड़ाव का भी जिक्र किया, जहां वह फ्रेंचाइजी के इतिहास के सबसे प्रभावशाली खिलाड़ियों में से एक बन गए।
पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर ने कहा, "धोनी ने वर्षों तक भारतीय क्रिकेट पर राज किया। वह सीएसके के खिलाड़ी भी रहे और कई खिलाड़ियों को उनसे प्रेरणा मिली। वह एक महान खिलाड़ी बने। अब ड्रेसिंग रूम में रहकर वह भारतीय और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को और भी ज्यादा फायदा पहुंचा सकते हैं। यहां पाकिस्तान को छोड़कर बाकी सभी देशों के खिलाड़ी आते हैं, इसलिए मैं अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की बात कर रहा हूं। हमारी शुभकामनाएं महेंद्र सिंह धोनी के साथ हैं। वह एक सच्चे भारतीय खिलाड़ी हैं।"
धोनी की कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स ने 5 बार आईपीएल का खिताब जीता। माही ने 200 से ज्यादा मुकाबलों में टीम की कप्तानी की। वह किसी आईपीएल फ्रेंचाइजी के लिए 200 से ज्यादा मैचों में कमान संभालने वाले पहले खिलाड़ी बने। भारत के पूर्व कप्तान अपने सीएसके करियर के ज्यादातर समय तक टीम की कमान संभाले रहे। 2022 के सीजन में कुछ समय के लिए रवींद्र जडेजा ने कप्तानी संभाली थी, लेकिन बाद में धोनी फिर से कप्तान बन गए। इसके बाद 2024 में उन्होंने ऋतुराज गायकवाड़ को कप्तानी सौंप दी।
अपनी कप्तानी के अलावा धोनी ने सीएसके के लिए बल्लेबाजी में भी अहम योगदान दिया है। 5,314 रनों के साथ वे इस फ्रेंचाइजी के लिए दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। साथ ही 272 मैचों में खेलने वाले वे इस टीम के सबसे अनुभवी खिलाड़ी भी हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
