'बंटवारा 1947' के मोशन पोस्टर में दिखा विभाजन का दर्द, परिवार की रक्षा करते नजर आए सनी देओल
मुंबई, 9 जून (आईएएनएस)। सनी देओल की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'बंटवारा 1947' का पहला मोशन पोस्टर रिलीज हो गया है। यह फिल्म पहले 'लाहौर 1947' के नाम से चर्चा में थी, लेकिन अब मेकर्स ने इसके नाम और पहचान दोनों को बदलकर नए अंदाज में इसे पेश किया है। मोशन पोस्टर सामने आते ही फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ गई है। यह फिल्म 1947 के विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित है।
मोशन पोस्टर की शुरुआत जलते हुए कागज के विजुअल से होती है, जिसके जरिए उस समय की तबाही और बिखराव का संकेत दिया जाता है। इसके बाद स्क्रीन पर सनी देओल नजर आते हैं। वह अफरा-तफरी और हिंसा के बीच दौड़ते हुए दिखाई देते हैं। उनके चारों तरफ भीड़ और दंगे जैसे हालात हैं।
पोस्टर के अगले हिस्से में सनी देओल एक अलग ही अंदाज में दिखाई देते हैं। वह हाथ में जलती हुई मशाल लिए सबसे आगे खड़े नजर आते हैं। वह अपने परिवार की रक्षा करते हुए दिखते हैं। उनके पीछे प्रीति जिंटा और अन्य लोग भी दिखाई देते हैं। बैकग्राउंड में तनाव और संघर्ष से भरा माहौल है।
सनी देओल ने इस मोशन पोस्टर को सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए लिखा, ''डर और नफरत के समय में, उन्होंने हिम्मत को चुना। फिल्म 14 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। थिएटर में जरूर देखने जाएं।''
फिल्म 'बंटवारा 1947' का निर्देशन मशहूर फिल्मकार राजकुमार संतोषी कर रहे हैं और इसका निर्माण आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले हो रहा है। यह फिल्म सनी देओल और राजकुमार संतोषी की रीयूनियन है। इससे पहले दोनों ने 'घायल' और 'दामिनी' जैसी यादगार फिल्मों में साथ में काम किया था।
फिल्म की कहानी 1947 के भारत-पाकिस्तान विभाजन के समय की पृष्ठभूमि पर आधारित बताई जा रही है। यह उन आम लोगों की जिंदगी को दिखाती है जो इस विभाजन से प्रभावित हुए थे। कहानी में एक हिंदू परिवार को दिखाया गया है जो लाहौर से भारत आता है और उन्हें एक हवेली मिलती है जो पहले एक मुस्लिम परिवार की थी। लेकिन कहानी में मोड़ तब आता है जब उन्हें पता चलता है कि उस हवेली में एक बुजुर्ग मुस्लिम महिला अभी भी रह रही है। इसी स्थिति से इंसानी रिश्तों, भावनाओं और संघर्ष की एक गहरी कहानी पेश की जाएगी।
फिल्म में सनी देओल के साथ प्रीति जिंटा, अली फजल और शबाना आजमी जैसे कलाकार नजर आएंगे। इसके अलावा करण देओल भी इस फिल्म का हिस्सा बताए जा रहे हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   9 Jun 2026 2:21 PM IST












