बंगाल चुनाव डीजीपी सहित अन्य अधिकारियों को हटाए जाने पर बोले सुवेंदु अधिकारी, 'थानेदारों को भी बदलना चाहिए'
कोलकाता, 16 मार्च (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी ने चुनाव आयोग की ओर से डीजीपी, कोलकाता के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और अन्य शीर्ष अधिकारियों को हटाए जाने को लेकर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि थानेदारों को भी बदलना चाहिए। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग से उम्मीद है कि पिछले चुनावों के अनुभव को ध्यान में रखते हुए अच्छे तरीके से चुनाव कराए।
सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि पहले पुलिस और प्रशासन को न्यूट्रल कर लीजिए। चुनाव की घोषणा हुए अभी 24 घंटे नहीं बीते हैं, उससे पहले ही डीजीपी, सीपी कोलकाता सहित कई अधिकारियों को तबादला कर दिया गया। उम्मीदवारों की घोषणा पर सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि नामांकन होने से पहले भाजपा उम्मीदवारों के नाम का एलान कर सारी प्रक्रिया पूरी कर लेगी। उन्होंने टीएमसी प्रमुख और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह ड्रामा कर रही हैं।
चुनाव आयोग ने सोमवार को एक और बड़ा कदम उठाते हुए बंगाल सरकार से उन पुलिस अधिकारियों के बारे में विस्तृत रिपोर्ट मांगी है जिनके ट्रांसफर के आदेश अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन की तारीख (28 फरवरी) के बाद जारी किए गए थे। राज्य सरकार को भेजे गए एक पत्र में चुनाव आयोग ने उन पुलिस अधिकारियों का विवरण भी मांगा है जिनके अधिकार क्षेत्र में 2021 के विधानसभा चुनाव और 2024 के लोकसभा चुनाव में इलेक्शन संबंधी हिंसा की घटनाएं घटी थीं।
बता दें कि एक दिन पहले रविवार को चुनाव आयोग ने बंगाल सहित बाकी राज्यों के चुनाव की तारीखों का एलान किया। इस बार बंगाल में दो चरणों में मतदान होगा। 23 अप्रैल को पहले चरण में 152 विधानसभा सीटों पर मतदान होगा, जबकि 29 अप्रैल को दूसरे चरण में 142 विधानसभा सीटों पर वोटिंग होगी, जबकि पिछले विधानसभा चुनाव में पश्चिम बंगाल में सात से आठ चरणों में वोटिंग हुई थी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   16 March 2026 6:03 PM IST












