बंगाल में 4 मई को भाजपा नहीं आएगी, ममता अपने दम पर जीतती हैं चुनाव इमरान मसूद
सहारनपुर, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव को लेकर बयानबाजी का दौर तेज हो गया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि बंगाल का अगला मुख्यमंत्री भाजपा का होगा। दूसरी ओर, शाह के बयान पर पलटवार करते हुए कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा कि बंगाल में 4 मई को चुनाव के परिणाम आएंगे और भाजपा की सरकार नहीं आएगी।
सहारनपुर में आईएएनएस से बातचीत में कांग्रेस सांसद ने दावा किया कि 4 मई को जब नतीजे आएंगे तो भाजपा उतनी भी नहीं रहेगी जितनी थी। मसूद ने कहा कि भाजपा ने पिछले विधानसभा चुनाव में जितनी सीटें जीती, इस चुनाव में उन्हें उतनी भी नहीं मिलने वाली है।
कांग्रेस सांसद ने कहा कि बंगाल में वर्तमान में सीएम ममता बनर्जी हैं, वह बंगाली महिला हैं और अपने दम पर जीतती हैं। भाजपा भले ही कितनी भी कोशिश कर ले लेकिन बंगाल में दाल नहीं गलने वाली है। उन्होंने पीएम मोदी के बयान 'भारत आतंकवाद के किसी भी रूप के आगे कभी नहीं झुकेगा' पर कहा कि अच्छी बात है, झुकना भी नहीं चाहिए। जिन्होंने अपने सिंदूर को खाया है, उनका तो पूरा जीवन बर्बाद हो गया। बहुत दुखद है।
बंगाल में भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर के मछली-भात खाने वाले वीडियो पर कांग्रेस सांसद ने कहा कि भाजपा के लोग एक्टिंग बहुत अच्छी जानते हैं। वह जहां जाते हैं, वहीं की तरह करते हैं। फिर उन्हें कुछ याद नहीं रहता। नॉर्थ ईस्ट के अंदर गौमाता नहीं रहती, गोवा में गौमाता नहीं रहती। इनकी सरकारें हैं, स्लॉटरिंग की खुलेआम परमिशन है। तो ये तो अपने हिसाब से चलते हैं।
सांसद पप्पू यादव के महिलाओं को लेकर दिए बयान पर इमरान मसूद ने कहा कि इस तरह का बयान देना ठीक नहीं है। तमिलनाडु में चुनाव को लेकर कांग्रेस सांसद ने कहा कि तमिलनाडु में भाजपा साफ है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के पीएम मोदी पर दिए विवादित बयान पर इमरान मसूद ने कहा कि किन शब्दों का इस्तेमाल उन्होंने किया है, इस बारे में बेहतर तो खड़गे की बता सकते हैं। उन्होंने कहा कि लोगों को समझना चाहिए कि जब से भाजपा की सरकार देश में बनी है, तब से ही लोकतंत्र को खत्म करने पर यह लोग लगे हुए हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   22 April 2026 3:20 PM IST












