'भगवान जो करता है, अच्छा करता है', गोल्ड मेडल से चूकने का लवप्रीत सिंह को अफसोस
ग्लासगो, 31 जुलाई (आईएएनएस)। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के आठवें दिन वेटलिफ्टिंग में भारत की झोली में एक और मेडल आया। लवप्रीत सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 110 प्लस किलोग्राम भार वर्ग में देश को सिल्वर मेडल दिलाया। हालांकि, वह गोल्ड लाने से महज 1 किलोग्राम से चूक गए, जिसका अफसोस लवप्रीत को भी है।
लवप्रीत ने 'आईएएनएस' के साथ बात करते हुए कहा, "मुझे सपोर्ट करने के लिए सभी का बहुत-बहुत धन्यवाद। मेरी एक क्लीन एंड जर्क मिस हो गई। वो लिफ्ट बढ़िया करनी चाहिए थी, लेकिन भगवान जो करता है, वो अच्छा करता है। एशियन गेम्स में और बेहतर प्रदर्शन करने की कोशिश करूंगा। मैं अपने इस मेडल को कोच विजय शर्मा, वेटलिफ्टिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष सहदेव और भारतीय नोसैना के कैप्टन विजय कुमार को समर्पित करना चाहूंगा। कैप्टन विजय ने मेरा बहुत सपोर्ट किया।"
लवप्रीत ने कुल 388 किलो का भार उठाते हुए सिल्वर मेडल को अपने नाम किया। उन्होंने स्नैच राउंड में 176 किलोग्राम का वजन उठाया। वहीं, क्लीन एंड जर्क राउंड में लवप्रीत ने 212 किलो का भार उठाया। स्नैच राउंड में लवप्रीत ने अपने पहले प्रयास में 168 किलो का वजन उठाया, जबकि दूसरे प्रयास में वह 173 किलो का भार उठाने में भी सफल रहे। तीसरी कोशिश में उन्होंने 176 किलोग्राम का वजन उठाकर दूसरे नंबर पर चल रहे न्यूजीलैंड के एंड्रयू लिटी को पीछे छोड़ा।
क्लीन एंड जर्क राउंड के पहले प्रयास में लवप्रीत ने 205 किलो का भार उठाया, जबकि दूसरे प्रयास में वह 212 किलो का वजन उठाने में कामयाब रहे। हालांकि, तीसरे प्रयास में उन्होंने 217 किलो का भार उठाने की कोशिश की, लेकिन वह अपनी इस लिफ्ट को पूरा नहीं कर सके। न्यूजीलैंड के डेविड लिटी ने गोल्ड मेडल को अपने नाम किया। उन्होंने कुल 389 किलो (स्नैच 166 और क्लीन एंड जर्क में 223 किलोग्राम) का भार उठाया। वहीं, इंग्लैंड एंड्रयू ग्रिफिथ्स 356 किलो का भार उठाने के साथ ही ब्रॉन्ज मेडल जीतने में सफल रहे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   31 July 2026 8:17 AM IST












