भाजपा का लक्ष्य 2027 में कमल खिलाना और विकसित गोवा के संकल्प को साकार करना है नितिन नवीन

नई दिल्ली, 27 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने मंगलवार को गोवा के चिंबल में प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक को संबोधित किया और कहा कि संविधान और लोकतंत्र की दुहाई देने वाली कांग्रेस ने ही आपातकाल लगाकर लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर किया था। कांग्रेस की राजनीति में परिवारवाद और तुष्टीकरण हावी है, जबकि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार सेवा, समर्पण, विकास और जनकल्याण के संकल्प के साथ कार्य कर रही है।
नितिन नवीन ने कहा कि मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत के नेतृत्व में भाजपा सरकार वर्ष 2037 तक विकसित गोवा का लक्ष्य पूरा करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जीत सुनिश्चित करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दामोदर नाइक, भाजपा के राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं गोवा प्रभारी भारती पवार, सह-प्रभारी अनिल एंटनी, राज्यसभा सांसद सदानंद तानावड़े सहित अन्य नेतागण उपस्थित रहे।
उन्होंने कहा कि जब तक भाजपा का कार्यकर्ता उत्साह और ऊर्जा के साथ जमीन पर संघर्ष करता रहेगा, तब तक कोई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हिला नहीं सकता। आज भारतीय जनता पार्टी, गोवा प्रदेश की कार्यसमिति की बैठक में मुझे तीन बातों से बड़ी खुशी हो रही है। पहली, गोवा के इस कार्यालय का नाम श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर रखा गया है। इसके निर्माण में सहयोग करने वाले सभी लोगों और मजदूरों का मैं अभिनंदन करता हूं। दूसरी, सभागार का नाम श्रद्धेय मनोहर पर्रिकर जी के नाम पर रखा गया है, जिसके लिए गोवा प्रदेश की पूरी टीम बधाई की पात्र है।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के चेहरों पर दिख रहा विश्वास मुझे आश्वस्त कर रहा है कि गोवा में 2027 में हर बूथ पर कमल खिलेगा। गोवा की टीम ने तय कर लिया है कि इस बार केवल सरकार ही नहीं बनानी है, बल्कि मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत के नेतृत्व में राज्य में जो विकास की गति बनी है, उसे आगे बढ़ाते हुए 2037 तक 'विकसित गोवा' बनाने के संकल्प को भी पूरा करना है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि मैं सबसे पहले भगवान श्री मंगेश, मां शांतादुर्गा जी और मां देवी महालसा जी की इस पावन गोमंतक भूमि को प्रणाम करता हूं। साथ ही, उन अनगिनत देशभक्तों को नमन करता हूं, जिनके संघर्ष के कारण 19 दिसंबर 1961 को गोवा फिर से मां भारती की गोद में लौटा। आज हम जगन्नाथराव जोशी जी के अदम्य साहस को भी याद करते हैं, जिन्होंने कहा था, "गोवा मेरी मातृभूमि का हिस्सा है, मुझे अपनी मातृभूमि के किसी भी हिस्से में जाने का अधिकार है।"
उन्होंने कहा कि इस संघर्ष के बाद भी गोवा को लंबे समय तक विकास के लिए संघर्ष करना पड़ा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आत्मनिर्भर भारत का जो सपना देख रहे हैं, उसी को गोवा में 'स्वयंपूर्ण गोवा' के रूप में साकार किया जा रहा है। आज गोवा का बजट करीब 32 हजार करोड़ रुपए हो गया है।
कांग्रेस पर हमला करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस अपने राज्यों में जनता से किये गए वादों को भी पूरा नहीं कर रही है। पड़ोसी राज्य कर्नाटक में कांग्रेस की सरकार के तीन साल पूरे होने जा रहे हैं, लेकिन वहां किए गए वादे पूरे नहीं हुए हैं। इसी तरह, हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार के घोषणा-पत्र में किए गए वादों के बारे में भी सवाल पूछे जाने चाहिए। इसके विपरीत, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, राजस्थान और गोवा में भाजपा की सरकारें अपने संकल्पों को सिद्धि तक पहुंचाती हैं। यही भाजपा के कार्यकर्ताओं के काम करने की शैली है। आज गोवा को पुलों का राज्य कहा जा रहा है। एक समय था, जब उत्तर गोवा और दक्षिण गोवा को अलग-अलग माना जाता था, लेकिन भाजपा सरकार ने दोनों क्षेत्रों के बीच की दूरियों को कम करने का काम किया है।
नवीन ने कहा कि भाजपा की खूबसूरती यही है कि नीचे बैठा कोई भी कार्यकर्ता शीर्षस्थ पद तक पहुंच सकता है। पिछली बार मैंने प्रदेश अध्यक्ष और उनकी टीम से कहा था कि लोकसभा चुनाव में पार्टी को 50 प्रतिशत से अधिक मत मिलते हैं, लेकिन विधानसभा चुनाव में कुछ कमी रह जाती है। इस बार हमने तय किया है कि विधानसभा चुनाव में भी 50 प्रतिशत से अधिक वोट हासिल कर सरकार बनायेंगे। 2013 में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में 2014 का चुनाव लड़ने का जयघोष इसी गोवा की पवित्र भूमि से हुआ था। वर्ष 2014 का वह जयघोष वर्ष 2029 में भी सफल हो, इसके लिए 2027 के पड़ाव को मजबूती से पार करना होगा। श्रद्धेय मनोहर पर्रिकर ने अपनी शुचिता और सादगी से राजनीति को एक अलग पहचान दी लेकिन दुर्भाग्य की बात है कि इस देश में कुछ लोग राजनीति को अराजकता के रूप में करने के लिए तैयार खड़े हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जिस सेवा और समर्पण के भाव से कार्य हो रहा है, भाजपा के कार्यकर्ता उन विषयों को लेकर घर-घर तक जाएंगे।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि देश के नेता प्रतिपक्ष को कभी विकास के मुद्दों पर सवाल उठाते हुए नहीं देखा जाता। उनकी आवाज देश में अराजकता फैलाने के लिए उठती है। विकास की इतनी बड़ी लकीर खींची गई है कि कांग्रेस के नेता उसके आसपास भी नजर नहीं आते। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आयुष्मान भारत योजना से स्वास्थ्य के क्षेत्र में क्रांति आई और किसानों के कल्याण के लिए 'कृषि एवं किसान कल्याण विभाग' बनाया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 4 करोड़ से अधिक गरीबों को आवास मिले हैं। आज 2 लाख से अधिक स्टार्टअप युवाओं को रोजगार मांगने वाले के बजाय रोजगार देने वाला बना रहे हैं। इसके बावजूद विपक्ष युवाओं को बांटने का प्रयास करता है।
अंग्रेज चले गए, लेकिन वे इन्हें 'बांटो और राजनीति करो' की सीख दे गए। देश का युवा अराजकता के साथ नहीं, बल्कि 'आत्मनिर्भर भारत' और 'विकसित भारत' के मिशन के साथ है। प्रधानमंत्री मोदी 'विमेन डेवलपमेंट' (महिला विकास) और 'विमेन-लेड डेवलपमेंट' (महिला-नेतृत्व वाला विकास) की बात करते हैं। आज महिलाएं पायलट बनने से लेकर सेना की कमान संभालने तक हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। गोवा सरकार ने भी 'गृह आधार योजना' और 'सुकन्या कौशल विकास योजना' के माध्यम से महिलाओं को सशक्त बनाया है। जल्द ही, भाजपा 'नारी शक्ति अधिनियम' भी लाएगी।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि हाल ही में कांग्रेस के युवराज 'पितृसत्ता को तोड़ो' का नारा दे रहे थे। राहुल गांधी बताएं कि जब जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में 11 छात्राओं के साथ दुर्व्यवहार होता है और कांग्रेस का कोई सांसद या प्रोफेसर उसमें शामिल होता है, तब उनकी बोलती क्यों बंद हो जाती है? जब पूरी पार्टी खुद ही घिरी हुई हो, तो वह कार्रवाई कैसे करेगी? संविधान की दुहाई देने वाले कांग्रेस के लोगों ने ही संविधान को तार-तार किया है। इसी नेहरू परिवार ने डॉ. भीमराव अंबेडकर को चुनाव हराने के लिए हर तरह के हथकंडे अपनाए और देश में आपातकाल लगाकर लोकतंत्र को ताक पर रख दिया। कांग्रेस के दौर में देश में आपातकाल भी लगाया गया, जिसके दौरान लोकतंत्र को पूरी तरह ताक पर रख दिया गया और व्यवस्था को अपने कब्जे में लेकर चलाने का काम किया गया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लिए संविधान का कोई महत्व नहीं है। उनका परिवार जो निर्णय लेता है, वे उसी को देश का संविधान बनाना चाहते हैं। लेकिन ऐसा कभी नहीं होगा, क्योंकि 140 करोड़ जनता जानती है कि यह परिवार केवल अपने लिए जीता है और अपने परिवार को ही आगे बढ़ाने के लिए काम करता है। इसलिए भाजपा ने तय किया है कि 'लोकतंत्र बचाओ' और 'अराजकता हटाओ' के अभियान को पूरे देश में चलाया जाएगा। हमारा मानना है कि हम सीधे जनता के बीच जाकर संवाद कर सकते हैं और इनके चेहरों को बेनकाब कर सकते हैं।
नवीन ने कहा कि जब जनता विपक्ष को चुनती है, तो ये कहते हैं कि 'लोकतंत्र जिंदा है'। लेकिन जब जनता इन्हें नकार देती है, तो ये कहते हैं कि 'लोकतंत्र खतरे में है'। तमिलनाडु में चुनाव जीतते हैं, तो सब कुछ ठीक है। केरल में एसआईआर के बाद चुनाव जीतते हैं, तो बहुत अच्छा है। लेकिन बंगाल में चुनाव हार जाते हैं, तो कहते हैं कि लोकतंत्र खतरे में आ गया है। जनता इनकी इस दोहरी मानसिकता और दोहरे चरित्र को देख रही है। जनता जानती है कि इस दोहरी मानसिकता वाले लोगों को पूरी तरह जमीन की धूल चटाने का वक्त आ गया है। कांग्रेस लगातार देश की संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाती रहती है। चुनाव आयोग पर सवाल उठाते हुए कांग्रेस 13 करोड़ लोगों के नामों का जिक्र करती है, जबकि इनमें से 3 करोड़ से अधिक लोगों का कोई पता ही नहीं मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की व्यवस्था में प्रत्येक बूथ पर बीएलए (बूथ लेवल एजेंट) होते हैं। मेरे गृह राज्य बिहार में भी 80 हजार बूथों में से 20 हजार बूथों पर कांग्रेस के बीएलए थे, लेकिन 2 हजार ने भी शिकायत नहीं की। कांग्रेस का मकसद केवल राजनीति करना है और वह भी उन घुसपैठियों के लिए, जिन्हें वह भारत के नागरिकों के समान अधिकार दिलाना चाहती है। भाजपा का मानना है कि देश के संसाधनों पर पहला हक यहां के नागरिकों और गरीब परिवारों का है। जब भी कांग्रेस हताशा और निराशा में आती है, तो प्रधानमंत्री मोदी की मां और पिताजी को अपमानित करने का काम करती है। कांग्रेस का यही संस्कार उसे रसातल की ओर ले जा रहे हैं।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि मैं आज सभी कार्यकर्ताओं से कुछ आग्रह करने आया हूं। गोवा में 1,721 बूथ और करीब 534 शक्ति केंद्र हैं। मेरा आग्रह है कि नवंबर और दिसंबर के अगले दो महीनों में 1,721 जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, जिनके माध्यम से जनता को बताया जाए कि पार्टी ने देश, राज्य और बूथ स्तर पर क्या-क्या काम किए हैं। मुझे रिपोर्ट मिली है कि 94 प्रतिशत बूथों पर 'मन की बात' कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इसके लिए मैं सभी कार्यकर्ताओं का अभिनंदन करता हूं। मेरा आग्रह है कि नवंबर और दिसंबर में इस कार्यक्रम को 100 प्रतिशत बूथों तक पहुंचाया जाए। युवा, महिला, ओबीसी, किसान, एससी और एसटी सहित सभी मोर्चों को अगले तीन-चार महीनों तक लगातार सक्रिय रहना है।
इसके साथ ही, नवमतदाताओं से संपर्क करने के लिए अलग से कार्यक्रम तैयार किया जाए। जब राहुल गांधी गोवा आए थे और उन्हें जनजातीय समाज के सम्मान के प्रतीक के रूप में कुनबी शॉल भेंट की गई थी, तो वे उसे संभाल नहीं पाए। असम में भी उन्होंने गमछे के साथ ऐसा ही किया था। जिसने देश की पहली जनजातीय महिला राष्ट्रपति का अपमान किया हो, वह सम्मान के प्रतीकों को क्या समझेगा। वर्ष 2047 तक विकसित भारत का सपना तभी पूरा होगा, जब भारतीय जनता पार्टी मजबूती से खड़ी रहेगी, क्योंकि विपक्ष केवल अपने लिए जीता है। भारतीय जनता पार्टी वर्ष 2027 में गोवा में पुनः कमल खिलाने का संकल्प पूरा करेगी। वर्ष 2027 का चुनाव पार्टी को यह दिशा दिखाएगा कि वर्ष 2029 में एक बार फिर लाल किले से माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में सरकार बने। जो लोग 'वन्दे मातरम्' को पूरा गाने में भी अपमान समझते हैं, जनता उन्हें भी इसका जवाब देगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
