भारत-पाक बातचीत से दोनों देश को लाभ मिलेगा तारिक अनवर
नई दिल्ली, 4 जुलाई (आईएएनएस)। कांग्रेस सांसद तारिक अनवर ने भारत-पाकिस्तान के बीच बातचीत की वकालत करते हुए कहा कि दोनों देशों को इससे फायदा होगा।
तारिक अनवर ने जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला के बयान का समर्थन करते हुए कहा, “फारूक अब्दुल्ला साहब का कहना बिल्कुल सही है। वे कश्मीर से जुड़े रहे हैं, पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री भी रह चुके हैं, इसलिए वे वहां की स्थिति को अच्छी तरह समझते हैं। पाकिस्तान हमारा पड़ोसी देश है। पड़ोसी के साथ अच्छे संबंध होने चाहिए। अगर बातचीत होती है तो दोनों देशों को लाभ मिलेगा। पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी ने भी यही कहा था।"
दूसरी ओर, राम मंदिर और महाकाल मंदिर के मुद्दे पर तारिक अनवर ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह के बयान का बचाव किया। उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री और सांसद रह चुके हैं। वे जिम्मेदार नेता हैं। जब वे कोई बात कहते हैं तो उसमें वजन होता है। राम मंदिर को लेकर उन्होंने जो कहा है, उसमें यकीनन कुछ तथ्य होंगे। वे धार्मिक व्यक्ति हैं और राम में उनकी गहरी आस्था है।
चंपत राय के समर्थन में आए साधु-संतों की प्रेस वार्ता को लेकर कांग्रेस सांसद ने कहा कि अब यह मामला अदालत में जाएगा। जांच होगी और सबूतों के आधार पर फैसला होगा। चंपत राय निर्दोष नहीं हो सकते क्योंकि वहां की सारी जिम्मेदारी मुख्य रूप से उनके हाथ में थी।
टीएमसी में हो रही खींचतान पर तारिक अनवर ने कहा कि यह समस्या पहले दिन से चल रही है। ममता बनर्जी स्ट्रीट फाइटर रही हैं। उन्होंने पार्टी बनाई और उसे यहां तक पहुंचाया। जो लोग उन्हें छोड़कर जा रहे हैं, उसके पीछे या तो डर है या फिर उन्हें कोई लालच दिया गया है।
उन्होंने पंजाब कांग्रेस की अंदरूनी कलह पर कहा कि हाईकमान ने बहुत धैर्य से काम लिया। कई दौर की बैठकें और चर्चाओं के बाद फैसला किया गया कि सभी को साथ लेकर ऐसा संगठन बनाया जाए जो आने वाले चुनावों में प्रभावी ढंग से लड़ सके।
इंडिया ब्लॉक के नेताओं द्वारा सीजेआई को लिखे गए पत्र पर तारिक अनवर ने कहा कि देश में जो स्थिति बनी है और चुनाव आयोग जिस तरह काम कर रहा है, उसे लेकर विपक्ष को लगता है कि वह सरकार और भाजपा का साथ दे रहा है। इसी वजह से विपक्षी दलों ने मजबूरी में सीजेआई से हस्तक्षेप करने की अपील की है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   4 July 2026 7:13 PM IST












