भारतीय टीम के लिए फायदेमंद साबित हुआ संजू सैमसन पर भरोसा दिखाना रिकी पोंटिंग

भारतीय टीम के लिए फायदेमंद साबित हुआ संजू सैमसन पर भरोसा दिखाना रिकी पोंटिंग
महान क्रिकेटर रिकी पोंटिंग ने कहा कि भारत के विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन को बल्लेबाजी क्रम में ऊपर बनाए रखने का फैसला टीम के सफल आईसीसी मेंस टी20 विश्व कप 2026 अभियान का सबसे महत्वपूर्ण निर्णय था। पोंटिंग के अनुसार, कप्तान सूर्यकुमार यादव और कोचिंग स्टाफ ने सैमसन पर जो भरोसा दिखाया, वही बड़े मैचों में जीत का कारण बना।

नई दिल्ली, 14 मार्च (आईएएनएस)। महान क्रिकेटर रिकी पोंटिंग ने कहा कि भारत के विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन को बल्लेबाजी क्रम में ऊपर बनाए रखने का फैसला टीम के सफल आईसीसी मेंस टी20 विश्व कप 2026 अभियान का सबसे महत्वपूर्ण निर्णय था। पोंटिंग के अनुसार, कप्तान सूर्यकुमार यादव और कोचिंग स्टाफ ने सैमसन पर जो भरोसा दिखाया, वही बड़े मैचों में जीत का कारण बना।

सैमसन के लिए टूर्नामेंट में शुरुआत आसान नहीं रही थी। न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच टी20 मुकाबलों में वह सिर्फ 46 रन ही बना पाए थे। ग्रुप स्टेज में नामीबिया के खिलाफ उन्हें खेलने का मौका भी तब मिला, जब अभिषेक शर्मा पेट में संक्रमण के कारण उपलब्ध नहीं थे। इसके बाद जिम्बाब्वे के खिलाफ सुपर-8 मुकाबले के लिए सैमसन को फिर टीम में शामिल किया गया। जिम्बाब्वे के खिलाफ सैमसन ने 15 गेंदों में 24 रन बनाए।

कोलकाता में वेस्टइंडीज के खिलाफ लगभग नॉकआउट जैसे मैच में सैमसन ने 97 रन की नाबाद तेज पारी खेली। इसके बाद मुंबई में इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में उन्होंने 89 रन बनाए। फिर अहमदाबाद में न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल में भी उन्होंने 46 गेंदों में 89 रनों की यादगार पारी खेली। पूरे टूर्नामेंट में उन्होंने पांच पारियों में कुल 321 रन बनाए, जो किसी भी भारतीय बल्लेबाज द्वारा टी20 विश्व कप के एक संस्करण में सबसे ज्यादा हैं। इसी प्रदर्शन के कारण उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ चुना गया।

पोंटिंग ने 'द आईसीसी रिव्यू' शो में कहा कि सैमसन को टॉप ऑर्डर में रखना एक बड़ा और साहसिक फैसला था, लेकिन यह सही साबित हुआ। उन्होंने कहा कि जब कप्तान और कोच खिलाड़ियों पर भरोसा जताते हैं, तो उसका बहुत सकारात्मक असर होता है। सिर्फ एक छोटा सा हौसला बढ़ाने वाला शब्द या भरोसा भी खिलाड़ी का आत्मविश्वास बढ़ा सकता है। पोंटिंग के अनुसार, जब खिलाड़ी में प्रतिभा हो और उसे टीम का समर्थन मिले, तो बड़े नतीजे मिलते हैं।

पोंटिंग ने यह भी कहा कि सूर्यकुमार यादव ने टीम का बेहतरीन नेतृत्व किया। अभिषेक शर्मा ने भी फाइनल में महज 21 गेंदों में 52 रन बनाकर अहम योगदान दिया। इससे पता चलता है कि कप्तान अपने खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन करवाने में सफल रहे।

उन्होंने यह भी बताया कि भले ही सूर्यकुमार की फॉर्म पूरे टूर्नामेंट में ऊपर-नीचे होती रही, लेकिन उन्होंने कप्तानी की जिम्मेदारी अच्छे से निभाई। पोंटिंग ने कहा कि जब खिलाड़ी खुद शानदार फॉर्म में हो, तो कप्तानी आसान हो जाती है, लेकिन खराब फॉर्म में टीम को संभालना कठिन होता है। इसके बावजूद सूर्यकुमार ने टीम को विश्व कप जिताने में अहम भूमिका निभाई।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   14 March 2026 9:26 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story