भोपाल मंडल के स्टेशनों एवं ट्रेनों में चलेगा पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान
भोपाल, 27 जून (आईएएनएस)। बच्चों को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के लिए राष्ट्रव्यापी पल्स पोलियो अभियान रविवार, 28 जून से शुरू हो रहा है। इस अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से पश्चिम मध्य रेल के भोपाल मंडल के स्टेशनों और ट्रेनों में विशेष इंतजाम किए गए हैं।
भोपाल रेल मंडल के डीआरएम पंकज त्यागी व मुख्य चिकित्सा अधीक्षक अजय डोगरा ने 28, 29 और 30 जून को विशेष पल्स पोलियो टीकाकरण कार्यक्रम के लिए तमाम अधिकारियों और कर्मचारियो को निर्देश जारी किए हैं। इसके मुताबिक भोपाल मंडल में कुल 22 पोलियो टीकाकरण बूथ स्थापित किए गए हैं।
रेलवे की ओर से दी गई आधिकारिक तौर पर बताया गया है कि मंडल के प्रमुख स्टेशनों भोपाल, इटारसी, बीना, गुना, गंजबासौदा सहित अन्य रेलवे स्टेशनों पर टीकाकरण बूथ संचालित किए जाएंगे, जहां शून्य से पांच वर्ष तक की आयु वर्ग के बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाई जाएगी।
यात्रियों और रेल कर्मचारियों की बच्चों तक अधिकतम पहुंच सुनिश्चित करने के लिए विशेष मोबाइल टीमें भी गठित की गई हैं। ये टीमें बीना दिशा में संचालित झेलम एक्सप्रेस, पंजाब मेल, छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस एवं राजकोट एक्सप्रेस तथा इटारसी दिशा में संचालित कर्नाटक एक्सप्रेस, कामायनी एक्सप्रेस व उज्जैन दिशा में संचालित मालवा एक्सप्रेस सहित अलग-अलग ट्रेनों में यात्रा कर रहे बच्चों को चलती ट्रेनों में पोलियो की दवा पिलाएंगी।
इसके अतिरिक्त, मंडल के विभिन्न स्टेशनों व रेलवे कॉलोनियों में रहने वाले रेल कर्मचारियों और आसपास के परिवारों के बच्चों की सुविधा के लिए पैसेंजर ट्रेनों व रेलवे कॉलोनियों में भी विशेष टीकाकरण व्यवस्था की गई है। पैसेंजर ट्रेनों के माध्यम से प्रत्येक स्टेशन पर रुक-रुक कर बच्चों को पोलियो की खुराक प्रदान की जाएगी।
रेल प्रशासन ने अपील की है कि वे अपने शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को इस अभियान के दौरान पोलियो की दवा अवश्य पिलवाएं और स्वस्थ व पोलियो मुक्त भारत के निर्माण में अपना योगदान दें।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   27 Jun 2026 3:08 PM IST












