भोपाल में सफाई कर्मियों की हड़ताल, हर तरफ लगे गंदगी के ढेर

भोपाल, 5 नवंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के सफाई कर्मचारी हड़ताल पर हैं। इस हड़ताल के चलते राजधानी की सफाई व्यवस्था पूरी तरह गड़बड़ा गई है। नगर निगम के सफाई कर्मचारियों की मांग है कि उन्हें न्यूनतम 25 हजार मासिक का वेतन दिया जाए। साथ ही उनकी वर्षों से जो लंबित मांगे हैं उन्हें पूरा किया जाए। सफाई कर्मचारियों का आरोप है कि बीते कई सालों से नगर निगम द्वारा उन्हें सिर्फ आश्वासन दिया जाता है कि जल्द ही उनकी मांगों को पूरा कर दिया जाएगा ।
इस बार उन्होंने तय कर लिया है कि जब तक मांग पूरी नहीं होगी, तब तक वे काम पर नहीं लौटेंगे । दीपावली करीब है और सफाई कर्मचारी हड़ताल पर चले गए हैं, जिसका नतीजा यह हो रहा है कि राजधानी में जगह-जगह कचरा के ढेर लगे हैं । घरों से निकलने वाला कचरा भी घरों के भीतर रखा हुआ है क्योंकि नियमित रूप से सफाई कर्मचारियों की गाड़ी आती है और कचरा ले जाती है मगर तीन दिनों से यह गाड़ियां नहीं आ रही है और लगभग हर घर में बड़ी मात्रा में कचरा जमा हुआ है।
सफाई कर्मचारी नगर निगम मुख्यालय में जमा हुए हैं और उन्हें अन्य कर्मचारियों का भी साथ मिल रहा है। सफाई कर्मचारियों ने साफ चेतावनी दे दी है कि जब तक उनकी मांगे नहीं मानती जाती हैं वे काम पर नहीं लौटेंगे। अगर ऐसा हुआ तो साफ सफाई के पर्व दीपावली के अवसर पर शहर में जगह-जगह गंदगी नजर आएगी।
निगम की नेता प्रतिपक्ष शबिस्ता जकी ने कहा कि नगर निगम की हर बार होने वाली बैठक में सफाई कर्मचारियों के वेतन और सुविधाओं का मसला उठाया जाता है। कांग्रेस की ओर से जो एजेंडा पेश किया जाता है, उसमें इसे प्राथमिकता से रखा जाता है मगर निगम परिषद करोड़ों रुपए के काम को तो मंजूरी दे देती है लेकिन वह सफाई कर्मचारियों की समस्याओं पर ध्यान नहीं देती। यहां हम आपको बता दें की राजधानी भोपाल में कुल 85 वार्ड हैं और 19 जोन हैं। लगभग सभी इलाकों की सफाई व्यवस्था पूरी तरह गड़बड़ाई हुई है। सफाई कर्मचारियों ने गाड़ियां नगर निगम परिसर में ही रख दी हैं।
--आईएएनएस
एसएनपी/पीएम
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
