बिहार भागलपुर के बाढ़ राहत शिविर में बच्चों के लिए खास इंतजाम, मनोरंजन के साथ पढ़ाई के लिए लगाई गई एलसीडी टीवी
भागलपुर, 10 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार के बाढ़ प्रभावित जिले भागलपुर में प्रशासन ने राहत शिविरों में रह रहे बच्चों (जेन-अल्फा) की पढ़ाई और मनोरंजन के लिए खास इंतजाम किए हैं। राहत शिविरों में टीवी लगाए गए हैं, जिससे वहां रहने वाले लोग, खासकर बच्चे खुश हैं।
बिहार में गंगा नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर है। इसके कारण भागलपुर का बड़ा हिस्सा बाढ़ की चपेट में आया है। इससे प्रभावित लोगों के लिए प्रशासन ने बाढ़ राहत शिविरों का बंदोबस्त किया है। वहीं, बाढ़ग्रस्त नाथनगर क्षेत्र के लोगों के लिए पॉलिटेक्निक कॉलेज ग्राउंड मैदान में राहत शिविर संचालित किया जा रहा है। इस शिविर में टीवी लगने के बाद लोग उसके सामने अपना समय व्यतीत कर रहे हैं, जबकि बच्चे मनोरंजन के साथ-साथ पढ़ाई और अन्य चीजें सीख रहे हैं।
शिविर में टीवी लगने से खासकर तौर पर बच्चे खुश हैं। वहीं, लोगों ने इस कदम को लेकर सरकार की प्रशंसा की। समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में एक बच्चे ने 'नरेंद्र मोदी जिंदाबाद' और 'सम्राट चौधरी जिंदाबाद' के नारे लगाते हुए कहा कि यहां टीवी पर हम सभी लोग फिल्म देख रहे हैं। यह सुविधा उनके घर पर नहीं थी।
वहीं, भागलपुर के एडीएम आपदा कुंदन कुमार ने बताया कि पॉलिटेक्निक कॉलेज ग्राउंड मैदान में बनाए गए राहत शिविर में लोगों के मनोरंजन के लिए एलसीडी टीवी की व्यवस्था की गई है। हमारी योजना है कि बच्चों के लिए मनोरंजन के साथ-साथ पढ़ाई की व्यवस्था भी की जाएगी। इससे बच्चों को यह महसूस नहीं होगा कि उनका स्कूल बंद है। प्रशासन की ओर से अस्थायी पाठशाला भी शुरू की गई है। वहां भी बच्चों की पढ़ाई कराई जा रही है।
उधर, भागलपुर में मवेशियों के लिए भी प्रशासन ने विशेष व्यवस्थाएं की हैं। एडीएम आपदा कुंदन कुमार ने आईएएनएस को बताया कि न सिर्फ बाढ़ पीड़ित इंसानों को भी भरपेट भोजन कराया जा रहा है, बल्कि मवेशियों के लिए भी चारे के इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने कहा कि आगे अगर कोई दिक्कत या जरूरत होगी तो आपदा विभाग तत्पर है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   10 Sept 2026 8:38 AM IST












