बिहार भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में रोहिणी आचार्य ने पुलिस अधिकारी की नई पोस्टिंग पर उठाए सवाल

बिहार भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में रोहिणी आचार्य ने पुलिस अधिकारी की नई पोस्टिंग पर उठाए सवाल
राजद अध्यक्ष लालू यादव की पुत्री रोहिणी आचार्य ने भोजपुर के चर्चित भरत तिवारी कथित फर्जी एनकाउंटर मामले को लेकर बिहार सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने मामले में नामजद आरोपी रहे जगदीशपुर के तत्कालीन एसडीपीओ राजेश कुमार शर्मा को नई जिम्मेदारी दिए जाने पर सवाल उठाते हुए इसे आरोपी अधिकारी को 'पुरस्कृत' किए जाने जैसा बताया है।

पटना, 2 जुलाई (आईएएनएस)। राजद अध्यक्ष लालू यादव की पुत्री रोहिणी आचार्य ने भोजपुर के चर्चित भरत तिवारी कथित फर्जी एनकाउंटर मामले को लेकर बिहार सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने मामले में नामजद आरोपी रहे जगदीशपुर के तत्कालीन एसडीपीओ राजेश कुमार शर्मा को नई जिम्मेदारी दिए जाने पर सवाल उठाते हुए इसे आरोपी अधिकारी को 'पुरस्कृत' किए जाने जैसा बताया है।

साथ ही उन्होंने जांच की धीमी गति और मामले में पारदर्शिता को लेकर भी सरकार तथा पुलिस प्रशासन को कटघरे में खड़ा किया। रोहिणी आचार्य ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा कि जवईनिया गांव के गरीब विस्थापितों की लड़ाई लड़ने वाले और भोजपुर प्रशासन में व्याप्त भ्रष्टाचार को उजागर करने की बात करने वाले भरत तिवारी की कथित फर्जी पुलिस मुठभेड़ में हत्या के मामले में नामजद आरोपी पुलिस अधिकारी को नई जिम्मेदारी सौंपा जाना हैरान करने वाला फैसला है।

उन्होंने कहा कि यह कदम आरोपी अधिकारी को पुरस्कृत किए जाने के समान है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के इस फैसले से मृतक के परिजनों और ग्रामीणों द्वारा लगाए गए आरोपों को बल मिलता है कि कथित फर्जी मुठभेड़ को सत्ता के शीर्ष स्तर, पुलिस के उच्चाधिकारियों और स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों की सहमति प्राप्त थी।

रोहिणी आचार्य ने मुख्यमंत्री, बिहार सरकार और पुलिस महानिदेशक से कई सवाल भी पूछे। उन्होंने कहा कि मृतक के परिजनों की ओर से दर्ज कराई गई प्राथमिकी में लगभग आधा दर्जन पुलिसकर्मियों को नामजद आरोपी बनाया गया है, लेकिन अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई।

उन्होंने यह भी पूछा कि आरोपियों से अब तक पूछताछ क्यों नहीं की गई और मामले की जांच इतनी धीमी गति से तथा बिना पारदर्शिता के क्यों आगे बढ़ाई जा रही है। उन्होंने यह आशंका भी जताई कि कहीं जांच में देरी और आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने के पीछे किसी बड़े नाम को बचाने की कोशिश तो नहीं की जा रही है।

रोहिणी आचार्या ने अपने पोस्ट में भरत तिवारी के मोबाइल फोन का मुद्दा भी उठाते हुए कहा कि घटना को लगभग एक पखवाड़ा बीत जाने के बावजूद पुलिस ने अब तक मृतक का मोबाइल फोन परिजनों को नहीं सौंपा है, जबकि इस संबंध में पहले भी सवाल उठाए जा चुके हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   2 July 2026 1:12 PM IST

Tags

Next Story